नई दिल्ली । दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ट्विटर का अधिग्रहण पूरा करने के बाद अब और मुखर हो गए हैं। अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने और माइक्रोब्लॉगिंग साइट के सीईओ व सीएफओ को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद मस्क का एक ट्वीट भी चर्चा में है। एलन मस्क ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘the bird is freed’ (चिड़िया आजाद है)।
बता दें कि एलन मस्क ने इस वर्ष 13 अप्रैल को ट्विटर के अधिग्रहण की घोषणा की थी। उन्होंने 54.2 डॉलर प्रति शेयर की दर से 44 अरब डॉलर में इस करार का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, बाद में करार में रुकावट आ गई। एलन मस्क ने कहा कि ट्विटर पर बड़ी संख्या में फर्जी अकाउंट हैं। कंपनी को वह तभी खरीदेंगे जब ट्विटर पूरी और सही जानकारी देगा। इसकी वजह से ट्विटर व उनके बीच अनबन हुई और उन्होंने नौ जुलाई को इस करार से पीछे हटने का एलान कर दिया।