रायपुर प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत आज महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल शामिल हुए। इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी एवं बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल मौजूद थे।
शिविर में खाद्य मंत्री श्री बघेल एवं अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री श्री बघेल ने विभागों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा लंबित मामलों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर में महासमुंद जिले के 18 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक शिविर में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विभागों के स्टॉलों में अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा किसानों को समय पर खाद का उठाव करने की सलाह दी गई। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मंत्री श्री बघेल ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य सेवाओं की सतत निगरानी आवश्यक है। बच्चों को शासन की योजनाओं का समुचित लाभ मिले, यह सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।