गरियाबंद छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत विकासखंड फिंगेश्वर के ग्राम पोखरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कृषक श्री संतोष साहू को केसीसी सह पासबुक प्रदान किया गया। यह केसीसी सह पासबुक खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल, विधायक श्री रोहित साहू तथा कलेक्टर श्री बीएस उईके के हाथों वितरित किया गया। केसीसी सह पासबुक मिलने से किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। जिससे वे खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि उपकरण एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था आसानी से कर सकेंगे। साथ ही धान विक्रय से संबंधित राशि का भुगतान एवं बैंकिंग लेन-देन भी अधिक सुगमता एवं पारदर्शिता के साथ हो सकेगा।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कृषक को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं कृषि विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधायक श्री रोहित साहू ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है तथा किसानों को सीधे लाभान्वित किया जा रहा है।