नई दिल्ली । कमजोर वैश्विक रुझानों और रुपये में तेजी के बीच गुरुवार को सोना 101 रुपये की गिरावट के साथ 51,024 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले कारोबार में सोना 51,125 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
चांदी भी 334 रुपये की गिरावट के साथ 58,323 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। डॉलर के ऊंचे स्तर से पीछे हटने से गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 67 पैसे बढ़कर 82.14 पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,664 डॉलर प्रति औंस और चांदी की गिरावट के साथ 19.41 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार के अनुसार रुपये में मजबूती और कॉमेक्स में कमजोर सोने की कीमतों के कारण आज घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।