मैड्रिड । स्पेन के फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड ने रविवार (16 अक्तूबर) को ला लिगा में चिर प्रतिद्वंद्वी बार्सिलोना को 3-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही रियल की टीम लीग में पहले स्थान पर पहुंच गई है। उसके नौ मैचों में 25 अंक हो गए हैं। वह लीग में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। उसने आठ जीते हैं और एक मैच ड्रॉ रहा है। बार्सिलोना की टीम इस हार के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गई है। नौ मैचों में उसकी यह पहली हार है। बार्सिलोना ने सात मैच जीते हैं और एक ड्रॉ रहा है।
रियल के लिए मैच में कप्तान करीम बेंजेमा ने पहला गोल किया। उनके बाद फेड्रिको वेलवेर्दे ने दूसरा और रोड्रिगो ने तीसरा गोल दागा। रियल के खिलाफ मिली हार बार्सिलोना के लिए काफी गंभीर है। मैनेजर जावी हर्नांडेज की टीम पहले ही यूएईफए चैंपियंस लीग से बाहर होने के कगार पर है। इंटर मिलान के खिलाफ पिछले मैच में ड्रॉ के बाद टीम की स्थिति चैंपियंस लीग में नाजुक है।