- बर्रा में विशाल स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन, 2700 से अधिक मरीज हुए लाभान्वित
- समाज कल्याण एवं महिला बाल विकास ने भी हितग्राहियों के लिए लगाया स्टॉल
रायगढ़ उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल के मुख्य आतिथ्य में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से विकासखंड खरसिया के ग्राम बर्रा में विकासखण्ड स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 2700 से अधिक मरीज लाभान्वित हुए एवं गंभीर बीमारी के लक्षण वाले 303 लोगों को सर्जरी एवं उच्च चिकित्सा सेवा हेतु मेडिकल कालेज रायगढ़ एवं रायपुर के लिए रेफर हेतु चयनित किया गया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल भी उपस्थित रहे।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पटेल ने मां सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। शिविर को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा की स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के करीब ले जाने के लिए विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन आवश्यक है। पूर्व से यहां स्वास्थ्य शिविर का अच्छा रिस्पांस मिलता है, यही कारण है कि इस बार पहला स्वास्थ्य शिविर प्राथमिकता के साथ ग्राम बर्रा में लगाया गया जहां अनुमान से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य शिविर में रजिस्ट्रेशन कर उसका लाभ उठाया, जो सराहनीय है। इसी को देखते हुए अन्य स्थानों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि आज के स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग का कार्य सराहनीय है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकर पटेल ने कहा की शहीद श्री नंदकुमार पटेल द्वारा पूर्व में वृहद स्तर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन प्रारंभ किया गया था, जिसमें लोग इसका लाभ लेते थे। जिस तरह से आज बड़ी संख्या में लोग यहां आए है, यह शिविर सफल हो गया।
जिला पंचायत सीईओ श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री श्री पटेल एवं कलेक्टर श्रीमती रानू साहू के निर्देशानुसार ग्राम बर्रा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है। जिसमें जनरल मेडिसीन प्रदान के साथ संभावित दवाईयां उपलब्ध है। इसके अलावा मरीजों के लिए कैंसर, न्यूरोसर्जन, नेत्र एवं हड्डी रोग के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे। शिविर में दिव्यांगों के प्रमाणीकरण के लिए मेडिकल बोर्ड उपस्थित थे। सीएमएचओ डॉ.मधुलिका सिंह ठाकुर ने कहा की इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इसमें विभाग द्वारा स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सेवा प्रदान की जा रही है एवं जांच के माध्यम से रेफर करने लायक मरीजों की पहचान की जा रही है, ताकि उन्हें बेहतर सुविधा प्रदान की जा सके। विकासखण्ड स्तरीय विशाल स्वास्थ्य शिविर में एमएमयू के माध्यम से चेकअप, बीपी, शुगर जैसे विभिन्न प्रकार के बीमारियों की जांच कर दवाई वितरण किया गया। स्वास्थ्य शिविर में अस्थि रोग, कैंसर रोग, हृदय रोग, मूत्र रोग, न्यूरोलॉजी, मेडिसीन विभाग, सर्जरी, स्त्री रोग, नेत्र रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, मनोरोग, कान, नाक एवं गला, फिजियोथैरेपिस्ट, ऑडियोलॉजिस्ट, वयो वृद्ध जांच के विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित थे।