Home » ’मोर महापौर मोर द्वार अभियान’ का शुभारंभ किया

’मोर महापौर मोर द्वार अभियान’ का शुभारंभ किया

by Bhupendra Sahu

रायपुर  /  नगरीय प्रशासन विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने आज रायपुर नगर निगम की ’’मोर महापौर मोर द्वार अभियान’’ का शुभारंभ किया। उन्होंने शुभारंभ अवसर पर नगर निगम के महापौर, पार्षद और अधिकारियों की टीम को हरी झण्डी दिखाकर बस से रवाना किया गया। यह टीम नगर निगम रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेगी। इस अभियान के तहत आम नागरिक भी महापौर से दूरभाष के माध्यम से सम्पर्क कर सकते हैं और उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों से अवगत करा सकते हैं।

नगर प्रशासन मंत्री डॉ. डहरिया ने ‘मोर महापौर मोर द्वार अभियान‘ को नागरिकों के हित में बताते हुए इस अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान से रायपुर नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को फायदा मिलेगा। लोगों तक बेहतर नागरिक सुविधाएं पहुंचेंगी। डॉ. डहरिया ने कहा कि महापौर श्री एजाज ढेबर ने यह अच्छी शुरूआत की है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री कुलदीप जुनेजा, नगर निगम के सभापति श्री प्रमोद दुबे सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

इस योजना के तहत नगर निगम रायपुर के महापौर श्री एजाज ढेबर और पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारियों की टीम रायपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न भागों में पहुंचकर आम जनता की नगर निगम के अंतर्गत आने वाली विभिन्न समस्याओं को मौके पर जाकर जानेगें। इस कार्य क्रम के तहत महापौर दूरभाष के माध्यम से जन समस्या एवं सुझाव प्राप्त करेंगे। इसके लिए कोई भी नागरिक दिनांक 27 जुलाई से 01 अगस्त 2022 तक निर्धारित वार्ड के संबंध में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक दूरभाष क्र. – 9111666201 या 9301953201 पर महापौर से सीधे चर्चा कर सकेंगे। प्राप्त सुझाव या समस्या के संबंध में संबंधित अधिकारियों को त्वरित निर्देश दिए जाएंगे।

उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत पानी, बिजली, साफ-सफाई, सड़क, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आश्रय निर्माण एवं संधारण कार्य, नल कनेक्शन, भवन अनुज्ञा, अवैध निर्माण संबंधी, मतदाता सूची आदि सेवाओं के संबंध में त्वरित कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा अन्य शासकीय विभागों जैसे स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, श्रम, समाज कल्याण, चिकित्सा, राजस्व आदि से जुड़ी नागरिक सेवाओं की आम नागरिकों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More