नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल बैडमिंटन एसोसिएशन (डीसीबीए) की अध्यक्ष डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि दिल्ली बैडमिंटन चैंपियनशिप 2022 जैसे टूर्नामेंट के आयोजन से नए खिलाडिय़ों को खोजना और उन्हें निखारना हमारा उद्देश्य है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अमीता सिंह ने बताया कि प्राइज मनी सीरीज में कुल तीन टूर्नामेंट होने थे, जिसमें दूसरा टूर्नामेंट अभी खेला जा रहा है। पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी और खेल प्रशासक ने कहा कि दिल्ली में ऐसा पहली बार हुआ है कि टूर्नामेंट में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया है।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मंत्री रहीं अमीता ने कहा, डीसीबीए का उद्देश्य बैडमिंटन के खेल में नए खिलाडिय़ों की खोज करना और उसे निखारना है, ताकि दिल्ली के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकें।
23 मई से यहां शुरू हुई दिल्ली राज्य रैंकिंग प्राइज मनी बैडमिंटन चैंपियनशिप 2022 में विभिन्न वर्गो में 1700 से अधिक बैडमिंटन खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
टूर्नामेंट में दो श्रेणियां हैं। पूल ए में अंडर 13, 15, 17 और पूल बी के अंडर 19 से 75प्लस आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। पूल बी के सभी मैच 23 मई से 25 मई तक खेले गए और पूल ए के सभी मैच 25 मई से शुरू हुए हैं।
इस अवसर पर अमीता सिंह ने सभी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देकर उनका उत्साह बढ़ाया। टूर्नामेंट के उद्घाटन के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह, एसपी सिंह, भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता, पद्मश्री मधुमिता बिष्ट, बैडमिंटन अकादमी के कोच, पूर्व और वर्तमान बैडमिंटन खिलाड़ी और अन्य अतिथिगण मौजूद रहे।
००