मुंबई। उत्तर प्रदेश में ज्ञानवापी मस्जिद मामले के बीच महाराष्ट्र में मुगल बादशाह औरंगजेब के मकबरे पर भी हलचल तेज हो गई है। अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने पांच दिनों के लिए मकबरे को बंद करने का फैसला लिया है। दो दिन पहले ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रवक्ता गजानन काले समेत कई नेताओं ने स्मारक पर सवाल उठाए थे। औरंगाबाद के खुलटाबाद इलाके में एक मस्जिद समिति ने जगह पर ताला लगाने की कोशिश की थी। इसके बाद एएसआई की तरफ से यह कार्रवाई की गई है। मनसे प्रवक्ता ने कहा था कि इस स्मारक को खत्म करने देना चाहिए। इसके बाद से ही एएसआई ने अतिरिक्त गार्ड्स की तैनाती कर दी थी।
औरंगाबाद में पुलिस अधिकारी ने कहा, पहले मस्जिद समिति ने जगह को बंद करने की कोशिश की थी, लेकिन हमने इसे खोला। बुधवार को हमने मकबरे को अगले पांच दिनों के लिए बंद करने का फैसला किया। उन्होंने आगे जानकारी दी, हम हालात की समीक्षा करेंगे और तय करेंगे कि इसे खोलना है या अगले पांच दिन और बंद रखना है। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी कहा, राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो इसके लिए मुगल बादशाह औरंगजेब के मकबरे 5 दिनों तक बंद रहेगा।
ऑल इंडिया मजसलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी इस महीने मकबरे पर पहुंचे थे। एआईएमआईएम नेता के इस दौरे की राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना ने खासी आलोचना की थी। ओवैसी की आलोचना करने वालों में राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे का नाम भी शामिल है।
00