Home » डु प्लेसिस और हेजलवुड के दम पर जीते बेंगलुरु के चैलेंजर्स

डु प्लेसिस और हेजलवुड के दम पर जीते बेंगलुरु के चैलेंजर्स

by Bhupendra Sahu

मुबंई । सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस (96) की कप्तानी पारी और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (25 रन पर चार विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को मंगलवार को 18 रन से हरा दिया।
बेंगलुरु ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 181 रन बनाये जबकि लखनऊ की टीम आठ विकेट पर 163 रन ही बना सकी। बेंगलुरु की सात मैचों में यह पांचवीं जीत है और वह तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गयी है जबकि लखनऊ की टीम सात मैचों में तीसरी हार के साथ चौथे स्थान पर है। लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ ने तीसरे ही ओवर में च्ंिटन डी कॉक को गंवाया। जोश हेजलवुड ने डी कॉक को निपटाने के बाद मनीष पांडेय को 33 के स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। कप्तान लोकेश राहुल और क्रुणाल पांड्या ने तीसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। राहुल 24 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए।

दीपक हुड्डा 13 रन बनाकर टीम के 100 के स्कोर पर आउट हुए। कुणाल पांड्या 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब तक बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले आयुष बदौनी दबाव नहीं झेल पाए और 13 रन बनाकर आउट हो गए। बदौनी को हेजलवुड ने अपना तीसरा शिकार बनाया। हेजलवुड ने फिर मार्कस स्टॉयनिस (24) को आउट कर लखनऊ का बचा खुचा संघर्ष समाप्त कर दिया।
लखनऊ को आखिरी ओवर में 31 रन चाहिए थे और मैच बेंगलुरु की झोली में जा चुका था। डैथ ओवरों में लखनऊ की बल्लेबाजी दबाव में दम तोड़ गयी। हेजलवुड ने 25 रन देकर चार विकेट झटके।बेंगलुरु 10 अंकों के साथ अंक तालिका में संयुक्त रूप से शीर्ष पर आ गई है बेंगलुरु की टीम को हालांकि अभी अपना नेट रन रेट देखना होगा। लेकिन यह एक अच्छा टीम प्रयास था। जहां पहले फ़ाफ़ ने जादू बिखेरा, वहीं हेज़लवुड ने दिखाया कि वह क्यों वर्तमान समय के सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाज़ों में से एक हैं।
डी वाई पाटिल स्पोर्टस अकादमी स्टेडियम पर टास हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरे रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पहले ही ओवर में दो झटके लगे जब दुष्मंत चमीरा की पांचवीं गेंद पर अनुज रावत (चार) और छठी गेंद पर विराट कोहली बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गये मगर दूसरे छोर पर टिके डु प्लेसिस के इरादे खतरनाक थे जिसका अहसास लखनऊ के खिलाडिय़ों को ओवर दर ओवर होता चला गया।
डु प्लेसिस ने एक छोर पर टिक कर धुआंधार बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुये 96 रन मात्र 64 गेंदों में ठोक दिये जिसमें उनके दो जानदार छक्के और 11 चौके शामिल थे । शतक की ओर बढ़ रहे डु प्लेसिस की पारी का अंत जेसन होल्डर ने किया जब पारी के अंतिम ओवर में धीमी बाउंसर को उड़ाने के प्रयास में वह डीप बैकवर्ड स्कावयर पर खड़े स्टॉयनिस के हाथों लपके गये।
इससे पहले ग्लेन मैक्सवेल (23) और शाहबाज अहमद (26) ने कप्तान का भरपूर साथ देते हुये टीम के स्कोर को संवारने में महती योगदान दिया। लखनऊ की ओर से चमीरा और होल्डर ने दो दो विकेट चटकाये जबकि कृणाल पांड्या को एक विकेट मिला। शाहबाज दुर्भाग्यशाली तरीके से रन आउट हुये।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More