Home » 9 करोड़ 35 लाख की लागत से गुरूद्वारा रोड का डामरीकरण कार्य शुरू… विधायक वोरा ने किया निरीक्षण

9 करोड़ 35 लाख की लागत से गुरूद्वारा रोड का डामरीकरण कार्य शुरू… विधायक वोरा ने किया निरीक्षण

by Bhupendra Sahu

दुर्ग। गुरुद्वारा रोड पर सड़क डामरीकरण (बीटी रिनीवल ) कार्य आज से शुरू हो गया। करीब 9 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से 8 किलोमीटर लंबी रोड का डामरीकरण किया जाएगा। राजेंद्र पार्क से शहीद चौक होते हुए जेवरा चौक तक सड़क डामरीकरण किया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आज सुबह विधानसभा जाने से पहले रोड डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया और पीडब्लूडी के एसडीओ को गुणवत्ता से डामरीकरण कार्य कराने के निर्देश दिये।

वोरा ने कहा कि शहर के बीचोंबीच व्यस्ततम रोड के डामरीकरण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था पर कोई असर न पड़े, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग आदि की व्यवस्था करते हुए डामरीकरण कार्य किया जाए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। अफसरों ने बताया कि शहीद चौक से राजेंद्र चौक के बीच डामरीकरण कार्य होली के पहले पूरा कराया जाएगा। होली के बाद शहीद चौक से जेवरा तक डामरीकरण कार्य किया जाएगा। वोरा ने बताया कि शहर में पीडब्लूडी और नगर निगम की अन्य सभी सड़कों का डामरीकरण कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा। वोरा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शहर का समग्र विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन में दुर्ग शहर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और चौड़ीकरण कार्य के अलावा नगर निगम द्वारा 14 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। मूलभूत विकास कार्य भी बड़े पैमाने पर किये जा रहे हैं। वोरा ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। शासन से भरपूर राशि उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान एल्डरमेन राजेश शर्मा, पूर्व पार्षद प्रकाश गीते, अलख नवरंग, नंद किशोर शर्मा सहित पीडब्लूडी के अफसर मौजूद थे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More