Home » पीएम मोदी ने नई रेल लाइनों का किया उद्घाटन, कहा- मुंबई वासियों के जीवन में आएगा बड़ा बदलाव…

पीएम मोदी ने नई रेल लाइनों का किया उद्घाटन, कहा- मुंबई वासियों के जीवन में आएगा बड़ा बदलाव…

by Bhupendra Sahu

मुंबई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र को बड़ी सौगात दी। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली दो अतिरिक्त रेलवे लाइनों का उद्घाटन किया। इसके अलावा वह उपनगरीय रेलवे की दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कल छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्म जयंती है। मैं भारत के गौरव, पहचान और संस्कृति के रक्षक देश के महानायक के चरणों में प्रणाम करता हूं। जयंती से एक दिन पहले ठाणे-दिवा के बीच नई बनी पांचवीं और छठीं रेल लाइन के शुभारंभ पर हर मुंबई निवासी को बहुत बहुत बधाई।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि नई रेल लाइन मुंबई वासियों के जावन में बड़ा बदलाव लाएगी। यह नई रेल लाइन मुंबई की कभी न थमने वाली जिंदगी को और अधिक रफ्तार देगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब से लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए अलग-अलग रेल लाइन हो जाएंगी। कल्याण से कुर्ला सेक्शन तक मेल और एक्सप्रेस गाड़ियां बिना अवरोध के चलाई जा सकेंगी। हर रविवार को होने वाले ब्लॉक के कारण कोलाबा और मुंब्रा के परेशानियां भी दूर होंगी। बीते सात साल में मुंबई में मेट्रो का भी विस्तार किया गया है। मुंबई उपनगरीय रेल सेवा को आधुनिक सुविधाओं से भी लैस किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये नई रेल लाइन मुंबई वासियों के जीवन में एक बड़ा बदलाव लाएंगी, उनके जीवन को आसान बनाएंगी। आज से सेंट्रल रेलवे लाइन पर 36 नई लोकल चलने जा रही हैं। इनमें से भी अधिकतर वातानुकूलित ट्रेनें हैं। ये लोकल की सुविधा को विस्तार देने, लोकल को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई महानगर ने आजाद भारत की प्रगति में अहम योगदान दिया है। प्रयास है कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी मुंबई का सामर्थ्य कई गुणा बढ़े। इसलिए मुंबई में 21वीं सदी के इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण पर हमारा विशेष फोकस है।

हाई-स्पीड रेल आज मुंबई और हमारे देश की आवश्यकता हैं
उन्होंने कहा कि अहमदाबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल आज मुंबई की और देश की आवश्यकता है। ये मुंबई की क्षमता को सपनों के शहर के रूप में मुंबई की पहचान को सशक्त करेगी। ये प्रोजेक्ट तेज गति से पूरा हो, ये हम सभी की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री मोदी आगे ने कहा कि अतीत में इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं सालों-साल तक इसलिए चलती रहती थीं क्योंकि योजना बनाने से लेकर उनको साकार स्वरूप देने तक के काम में तालमेल की कमी थी। इस तरह से 21वीं के सदी भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर पाना संभव नहीं है। इसीलिए हमने पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टरप्लान तैयार किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि गांधीनगर और भोपाल के आधुनिक रेलवे स्टेशन रेलवे की पहचान बन रहे हैं। आज 6000 से ज्यादा रेलवे स्टेशन वाईफाई सुविधा से जुड़ चुके हैं। वंदे भारत ट्रेनें देश की रेल को गति और आधुनिक सुविधा दे रही है। आने वाले वर्षों में 400 नई वंदे भारत ट्रेनें देशवासियों को सेवा देना शुरू करेंगी।

600 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है रेल लाइनों का निर्माण
गौरतलब है कि ठाणे और दिवा को जोड़ने वाली इन रेलवे लाइनों का निर्माण करीब 600 करोड़ की लागत से हुआ है। इसमें 1.4 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर, तीन बड़े पुल और 21 छोटे पुल शामिल हैं। इन लाइनों के शुरु होने से मुंबई की उपनगरीय ट्रेनों का ट्रैफिक कुछ हद तक कम हो सकेगा। इस समय कल्याण मध्य रेलवे का प्रमुख जंक्शन है। जहां उत्तरी और दक्षिणी भाग से आने वाला रेलवे ट्रैफिक मिलता है और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर चला जाता है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More