लंदन । एशेज श्रृंखला में आस्ट्रेलिया के हाथों शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कोच क्रिस सिल्वरवुड ने पद से इस्तीफा दे दिया है ।
इससे पहले इंग्लैंड के क्रिकेट निदेशक एशले जाइल्स ने भी पद छोड़ दिया था । सिल्वरवुड ने कहा , पिछले दो साल काफी चुनौतीपूर्ण थे । मैने टीम के साथ अपने समय का पूरा मजा लिया ।
उन्होंने कहा , मैं अच्छी यादों के साथ जा रहा हूं । अब अपने परिवार के साथ समय बिताऊंगा और कैरियर की दूसरी पारी का आगाज करूंगा ।
अगले महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला से पहले अंतरिम कोच की नियुक्ति की जायेगी ।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरीसन ने कहा , क्रिस ने अपने काम को बखूबी अंजाम दिया और खिलाडिय़ों तथा स्टाफ ने उसके साथ काम करने का पूरा आनंद उठाया । उन्होंने कहा , क्रिस के कोच रहते सीमित ओवरों की इंग्लैंड टीमें विश्व रैंकिंग में पहले दूसरे स्थान पर पहुंची । टेस्ट टीम ने दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका में जीत दर्ज की । उनके योगदान के लिये आभार ।