जामुल। नगर पालिका परिषद जामुल में भाजपा व कांग्रेस दोनों को सफलता मिल गई। भाजपा ने शुक्रवार जामुल पालिका में हुए अध्यक्ष व उपाध्यक्ष निर्वाचन में अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सुनीता चेन्नेवार को सफलता मिली। भारतीय जनता पार्टी के ईश्वर ठाकुर को 12 वोट मिले और कांग्रेस की सरोजनी चंद्राकर को 8 वोट मिले। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की सीमा यादव को 9 व कांग्रेस की संनीता चेन्नेवार को 11 वोट मिले। इसके इसके अलावा अपील समिति में भाजपा के दीपक गुप्ता व कांग्रेस के राम दुलार साहू चुने गए।
काम आई जोड़-तोड़ की कोशिशें
जामुल पालिका में कांग्रेस पार्टी की जोड़-तोड़ काम आ गई। यहां कांग्रेस पार्टी इस उम्मीद में थी कि अध्यक्ष को लेकर प्रत्याशी ना बनाने से नाराज कुछ भाजपा पार्षद क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। वहीं निर्दलीय पार्षदों का भी उन्हें साथ मिल जाएगा। भले ही कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं बना लेकिन उपाध्यक्ष के लिए उनकी लॉबिंग काम कर गई। भाजपा की ओर से क्रास वोटिंग हुई इसका नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस की सुनीता को उपाध्यक्ष के रूप में जीत मिल गई। वहीं भाजपा इस बात को लेकर संतुष्ट है कि जामुल में उनका अध्यक्ष निर्वाचित हुआ।