नई दिल्ली । शेयर बाजार में वर्ष 2021 के दौरान लिस्ट हुईं 58 नई कंपनियों में से 39 के आईपीओ ने निवेशकों को मालामाल कर दिया। इनमें सिगाची इंड ने 250 फीसदी तक का मुनाफा पहुंचाया। वहीं, 19 कंपनी के आईपीओ तगड़ा झटका दे गए। डेटाबेस की रिपोर्ट के अनुसार इस साल 63 कंपनियों ने अपने आरंभिक सार्वजानिक निर्गमों (आईपीओ) के जरिये अब तक रिकॉर्ड 1,18,704 करोड़ रुपये जुटाए हैं। आईपीओ से जुटाई गई रकम का आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 4.5 गुना अधिक है।
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2020 में 15 कंपनियों ने आईपीओ के माध्यम से 26,613 करोड़ रुपये जुटाए थे। वहीं, साल 2017 में आईपीओ से जुटाए गए 68,827 करोड़ रुपये के मुकाबले इस साल अब तक लगभग दोगुनी रकम जुटाई गई है। आईपीओ में तेजी की अगुआई नए जमाने की स्टार्ट-अप कंपनियों ने की। इसमें खुदरा कंपनियों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
34 ने दिया 10 फीसदी मुनाफा
इस साल लिस्ट हुईं 58 कंपनियों में से 34 ने 10 फीसदी का मुनाफा निशेवकों को दिया। सबसे अधिक मुनाफे देने वाली कंपनी सिगाची इंडस्ट्री रही। इसके शेयर के भाव काफी ऊपर तक गए। कंपनी के शेयर का शुरुआती मूल्य 163 रुपये था, जो बढ़कर 570 रुपये तक पहुंचा। इसके मुनाफे में 250 फीसदी तक वृद्धि दर्ज की गई। इसके बाद पारस डिफेंस ने 185 फीसदी और लेटेंट व्यू ने 148 फीसदी का लाभ निवेशकों को पहुंचाया।