बिग बॉस ने हमेशा लोगों का मनोरंजन किया है। इस रियलिटी शो ने कई हस्तियों को पहचान दी है। शो को अभिनेता सलमान खान होस्ट करते हैं। पिछले कुछ सप्ताह से बिग बॉस 15 को खास प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। यही वजह है कि मेकर्स शो में तड़का लगाने के लिए कई हथकंड़े अपना रहे हैं। अब चर्चा चल रही है कि बिग बॉस की पूर्व प्रतिभागी और अभिनेत्री शहनाज गिल बतौर मेहमान बिग बॉस 15 में नजर आएंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, बिग बॉस 15 में एक मेहमान के रूप में शहनाज की एंट्री हो सकती है। सूत्रों ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए नोट में ने लिखा, शहनाज को कुछ समय के लिए बिग बॉस 15 में शामिल होने के लिए अप्रोच किया गया है। इस नोट में आगे बताया गया है कि वह मेहमान के तौर पर एक सप्ताह शो में रहेंगी।
खबरों की मानें तो दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए मेकर्स ने शो में शहनाज को लाने की योजना बनाई है। शहनाज बिग बॉस 13 की सबसे लोकप्रिय प्रतिभागियों में से एक थीं। मेकर्स ने उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए उन्हें अप्रोच किया है। अब देखना है कि कब इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आती है। बिग बॉस 13 में उन्होंने एक चुलबुली और नटखट लड़की के तौर पर दर्शकों का दिल जीता था।
दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला बिग बॉस 13 में शहनाज के साथ दिखे थे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया था। इसके बाद उनकी दोस्ती काफी गहरी हो गई थी। शहनाज और सिद्धार्थ शो में एक-दूसरे का ख्याल रखते थे। उन्हें दर्शकों ने सिडनाज की उपाधि दी थी। दोनों को कई म्यूजिक वीडियो में साथ देखा गया है। पूर्व बिग बॉस प्रतिभागी अबू मलिक ने एक साक्षात्कार में खुलासा किया था कि दोनों एक-दूसरे के प्यार में पागल थे।
बिग बॉस का प्रसारण कलर्स चैनल पर होता है। यह लोकप्रिय शो अमेरिकी टीवी रियलिटी शो बिग ब्रदर के प्रारूप का अनुसरण करता है। घर के मालिक को बिग बॉस के नाम से जाना जाता है, जिनकी घर में उपस्थिति उनकी आवाज से है। बिग बॉस की सफलता अब 15वें सीजन में कदम रख चुकी है। बता दें कि रुबीना दिलैक शो के पिछले सीजन की विजेता थीं। बिग बॉस का पहला सीजन 2006 में आया था।