Home » जेपी नड्डा का विपक्ष को करारा जवाब, कहा- पेगासस जासूसी आरोप हैं बेबुनियाद, विपक्ष मुद्दाविहीन रह गया है

जेपी नड्डा का विपक्ष को करारा जवाब, कहा- पेगासस जासूसी आरोप हैं बेबुनियाद, विपक्ष मुद्दाविहीन रह गया है

by Bhupendra Sahu

पणजी (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को पेगासस जासूसी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और यह कहते हुए विपक्ष पर निशाना साधा कि उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र तो विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने को तैयार है लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व में ‘निराश’ एवं ‘मुद्दाविहीन’ विपक्ष संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है। गोवा की अपनी दो दिवसीय यात्रा के आखिर में वह संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। पेगासस जासूसी विवाद पर पूछे गये एक सवाल का जवाब देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा , ‘‘यह बेबुनियाद है.. यह कोई मुद्दा ही नहीं है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा ही नहीं है जिसे वे लोगों की खातिर उठाना चाहते हैं। इसलिए वे इस प्रकार का मुद्दा उठाते हैं।’’

पिछले रविवार को एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया गठबंधन ने खबर दी थी कि 300 से अधिक असत्यापित भारतीय मोबाइल फोन नंबरों को इजरायली कंपनी एनएसओ के पेगासस स्पाईवेयर के मार्फत हैकिंग के लिए निशाना बनाया गया, इन नंबरों में दो मंत्रियों, 40 से अधिक पत्रकारों, तीन विपक्षी दलों एवं बहुत सारे उद्योगपतियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के नंबर शामिल हैं। हालांकि, सरकार इस मामले में विपक्ष के सभी आरोपों से इनकार कर रही है।

संसद की कार्यवाही बार-बार बाधित किये जाने के बारे में पूछे गये प्रश्न का उत्तर देते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘ हम सभी प्रकार की चर्चाओं के लिए तैयार हैं, लेकिन अन्य विपक्षी पार्टियों के साथ कांग्रेस निराश एवं मुद्दाविहीन हो गयी है, इसलिए वह बाधित करने की ऐसी तरकीब अपनाती है … उसे मालूम ही नहीं है कि क्या किया जाए। वह बस मुद्दाविहीन चीजों को लेकर संसद का कामकाज रोकना चाहती है। ’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ लेकिन लोग जानते हैं कि उनके सभी प्रयासों के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद की उत्पादकता ने सभी रिकार्ड तोड़ दिये हैं। लोकसभा और राज्यसभा में कामकाज ने सभी रिकार्ड तोड़ दिये हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More