नयी दिल्ली । डिजिटल इंडिया कार्यक्रम की पहल को और बढ़ाने के लिए, तथा ‘आत्मनिर्भर भारत की थीम को ध्यान में रखते हुए, एमईआईटीवाई ने मैप माई इंडिया के साथ एक समझौता ज्ञापन के माध्यम से उमंग ऐप में मानचित्र सेवाओं को सक्षम बना दिया है।
उमंग के मैप माई इंडिया मानचित्रों के साथ एकीकरण के परिणामस्वरूप, नागरिक एक बटन के क्लिक पर अपने आस पास के निकटतम स्थान पर सरकारी सुविधाएं, जैसे मंडियां, ब्लड बैंक और बहुत कुछ जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वे इसे मैप माई इंडिया द्वारा निर्मित भारत के सबसे विस्तृत और संवादात्मक सड़क और ग्राम स्तर के नक्शों पर भी देख सकेंगे। नागरिक उमंग ऐप और मैप माई इंडिया के बीच संपर्क के माध्यम से नेविगेशन के दौरान यातायात और सड़क सुरक्षा अलर्ट सहित स्थानों के लिए ड्राइविंग दूरी, दिशा-निर्देश और बारी-बारी से ध्वनि और दृश्य से मार्गदर्शन प्राप्त करने में सक्षम होंगे। उमंग ऐप ने निम्न सेवाओं में मैप माई इंडिया के माध्यम से मानचित्र कार्यक्षमता प्रदान करना शुरू कर दिया है जिसमे मेरा राशन – उमंग के माध्यम से, उपयोगकर्ता निकटतम उचित मूल्य की दुकानों की पहचान और दिशा के बारे में पता कर सकते हैं क्योंकि मैपमाईइंडिया एकीकृत मानचित्र पर पॉइंटर्स के रूप में दुकानें दिखाई देती हैं।
ई-नाम- उमंग के माध्यम से, ‘मंडी नियर मी सेवा उपयोगकर्ताओं को मानचित्र पर दिखाई गई पास की मंडियों को पहचानने और नेविगेट करने में मदद करेगी।दामिनी लाइटनिंग अलर्ट सेवा उपयोगकर्ताओं को आस-पास के क्षेत्रों का एक दृश्य दिखाकर बिजली गिरने की चेतावनी प्रदान करने के लिए है जहां पिछले कुछ मिनटों में बिजली गिरी है।यह चेतावनी तंत्र मानचित्र पर बिजली गिरने की संभावना वाले स्थानों के बारे में जानकारी प्रदान करता है।