Home » पीड़ित पहाड़ी कोरवा परिवार को 50 लाख मुआवजा और एक आश्रित को नौकरी दे सरकार

कोरबा/   कोरबा जिले के वनांचल ग्राम लेमरू थाना अंतर्गत जंगल मार्ग में पहाड़ी कोरवा और उसकी किशोरवय बेटी तथा 4 साल की मासूम पोती की निर्मम हत्या व किशोरी से बलात्कार के मामले में जिला भाजपा ने आज पत्रकारों से चर्चा की।
भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार सिंह ने पार्टी कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि जिला संगठन के द्वारा एक प्रतिनिधि मंडल भेजकर घटना स्थल एवं पीड़ित पक्ष से संपर्क कर घटना की जानकारी ली गई। पार्टी द्वारा शासन-प्रशासन से मांग की गई है कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने हेतु सख्त-से-सख्त कार्यवाही की जाये। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय द्वारा उक्त घटना पर खेद व्यक्त करते हुए सख्त कार्यवाही की मांग की गई है। उनके द्वारा कहा गया है कि आदिवासी क्षेत्रों की सचिंग की व्यवस्था पुलिस विभाग को सही ढंग से सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इसी तरह की अन्य घटनाओं की पुनरावृति ना हो। विष्णुदेव साय जी द्वारा यह भी कहा गया है कि आदिवासी क्षेत्रों पर सही ढंग से देख-रेख नहीं की जाती है तथा पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने में कोताही की जाती है तो भारतीय जनता पार्टी प्रदेश स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर वृहद आंदोलन करेगी। जिला भाजपा ने शासन- प्रशासन से पीड़ित परिवार हेतु मुआवजा स्वरूप 50 लाख रूपये तथा पीड़ित परिवार के किसी भी एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। साथ ही यह भी मांग की है कि कोरवा जनजाति जो कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाते हैं, उनके रहन-सहन, खान-पान एवं रोजगार की समुचित व्यवस्था की जाय।
बुधवार को मृतक व पीड़ित परिवार के गांव पहुंचे उक्त प्रतिनिधि मंडल में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना शर्मा,उमा भारती सराफ,अविनाश सिंह कंवर भाजपा जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष, श्याम लाल मरावी,सरजू अजय,पुष्पराज सिंह ठाकुर,टिकेश्वर राठिया आदि शामिल थे। इन्होंने मृतक की पत्नी,पुत्र व अन्य परिजनों से भेंट कर पीड़ित परिवार को उचित न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। इस दौरान महिला मोर्चा जिलाअध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने कहा कि बीहड़ जंगलों में ग्रामीण,आदिवासी कैसे रह रहे हैं प्रशासन इनकी सुध नहीं लेता। वे उपेक्षित पड़े हुए हैं। इनके भोलेपन का लोग फायदा उठा रहे हैं। इस तरह की दुखद घटना में शामिल सभी लोगों को फांसी होनी चाहिए और कानून में भी इसके लिए प्रावधान है। इस परिवार को न्याय दिलाने के लिए हम पूरा प्रयास करेंगे।

Share with your Friends

Related Articles

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More