पश्चिम बंगाल में चल रहे लंबे राजनीतिक सस्पेंस पर आखिरकार विराम लग गया है. कोलकाता में शुक्रवार को हुई बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया, जिसके बाद अब यह साफ हो गया है कि शुभेंदु अधिकारी ही पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे. कोलकाता के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई इस हाई-प्रोफाइल बैठक में गृह मंत्री अमित शाह के साथ पर्यवेक्षक के तौर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे. नवनिर्वाचित विधायकों द्वारा नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी भावुक नजर आए. उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का आभार जताया. शुभेंदु ने कहा कि यह जीत मेरी नहीं, बल्कि उन करोड़ों बंगाल वासियों की है जिन्होंने बदलाव के संकल्प को वोट दिया है.
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद अब सरकार गठन की संवैधानिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. शुभेंदु अधिकारी आज यानी शुक्रवार शाम 6:30 बजे राजभवन जाकर राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात करेंगे. इस दौरान वे बीजेपी विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपेंगे और आधिकारिक तौर पर नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. इस मुलाकात के बाद नई सरकार के गठन को लेकर राजभवन से औपचारिक पत्र जारी किया जाएगा.