Home » सरिया में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल का भूमिपूजन, 18 करोड़ से होगा निर्माण

सरिया में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल का भूमिपूजन, 18 करोड़ से होगा निर्माण

by Bhupendra Sahu

रायपुर रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत सरिया में रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 100 बिस्तर सिविल अस्पताल का भूमिपूजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल का शुभारंभ किया।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की बड़ी सौगात

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत बाइक रैली, पुष्प वर्षा और रंगोली के माध्यम से भव्य रूप से किया गया। अतिथियों ने गर्भवती माताओं को उपहार भेंट किए तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की बड़ी सौगात

स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरिया में बनने वाला यह अस्पताल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा और लोगों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

वित्त मंत्री ने दी विकास कार्यों की जानकारी

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने अपने संबोधन में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़कों, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सांकरा गांव में 14 करोड़ रुपये की लागत से लिफ्ट इरिगेशन परियोजना स्वीकृत हो चुकी है, वहीं चंद्रपुर से सरिया तक सड़क निर्माण पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि अपेक्स बैंक और रजिस्ट्री कार्यालय की स्थापना से अब किसानों को अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही हाईस्कूल और बाजार भवन का निर्माण भी प्रगति पर है।

नर्सिंग कॉलेज और नए स्वास्थ्य केंद्र की सौगात

वित्त मंत्री ने घोषणा की कि सरिया में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र की बालिकाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही बार, साल्हेओना, गोबरसिंघा और सांकरा में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की स्वीकृति भी बजट में दी गई है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

राज्य स्तर पर कक्षा 10वीं और 12वीं में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले जिले के छात्र शिवम दुबे और हेमंत पटेल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ने दोनों छात्रों को स्वेच्छानुदान से 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More