Home » बिना परीक्षा सीधी भर्ती का सुनहरा मौका: मनेंद्रगढ़ में 2 अप्रैल को वॉक-इन इंटरव्यू, 16 पदों पर होगा चयन

बिना परीक्षा सीधी भर्ती का सुनहरा मौका: मनेंद्रगढ़ में 2 अप्रैल को वॉक-इन इंटरव्यू, 16 पदों पर होगा चयन

by Bhupendra Sahu

एमसीबी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। कार्यालय कलेक्टर आदिवासी विकास द्वारा जारी सूचना के अनुसार पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों की भर्ती हेतु वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) के अंतर्गत की जा रही है, जो जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित एक प्रतिष्ठित संस्था है। जारी आदेश के अनुसार यह वॉक-इन इंटरव्यू 2 अप्रैल 2026 दिन- गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। इंटरव्यू का समय सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थियों को जनपद पंचायत आयुक्त सभागार मनेंद्रगढ़ में उपस्थित होकर सीधे साक्षात्कार में भाग लेना होगा। यह भर्ती पूर्णतः अस्थायी अतिथि शिक्षक के आधार पर की जाएगी, जो निर्धारित अवधि तक ही मान्य होगी और सत्र समाप्ति के साथ स्वतः समाप्त हो जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 16 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें पीजीटी स्तर के विभिन्न विषयों जैसे जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, इतिहास, भूगोल, गणित, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस, सामाजिक विज्ञान एवं अन्य विषय शामिल हैं। ये पद पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पोड़ीडीह विकासखण्ड खड़गवां एवं पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जमथान विकासखण्ड भरतपुर में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के लिए निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक विषय के लिए एक-एक पद रखा गया है।
आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। मानदेय की बात करें तो NESTS के नियमानुसार योग्यताधारी पीजीटी अभ्यर्थियों को 35,000 रुपये प्रतिमाह तथा टीजीटी को 33,000 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। वहीं बिना निर्धारित अर्हता वाले अभ्यर्थियों को पीजीटी के लिए 31,000 रुपये एवं टीजीटी के लिए 29,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां एवं स्वप्रमाणित छाया प्रतियां साथ लानी होंगी। निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे, किसी अन्य माध्यम से आवेदन मान्य नहीं होगा। इस भर्ती के संबंध में किसी भी प्रकार की आपत्ति या अपील स्वीकार नहीं की जाएगी।
विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और निर्धारित अवधि के बाद स्वतः समाप्त हो जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी के लिए जिले की आधिकारिक वेबसाइट
https://manendragarh-chirmiri-bharatpur.cg.gov.in
तथा
www.emrspoddih.org.in
पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More