Home » टी-20 विश्व कप 2026: संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी, ये रिकॉर्ड्स बनाए

टी-20 विश्व कप 2026: संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार मैच जिताऊ अर्धशतकीय पारी, ये रिकॉर्ड्स बनाए

by Bhupendra Sahu

नईदिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 के 52वें मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार अर्धशतकीय पारी (97* रन) खेली। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा अर्धशतक रहा। सैमसन ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में अपना पहला अर्धशतक लगाया। उनकी इस शानदार पारी के दम पर भारत ने 196 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली। ऐसे में आइए उनकी पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
सैमसन ने 50 गेंदों का सामना किया और 97 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 194 की रही। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर 35 गेंदों में 58 रन की साझेदारी निभाई। तिलक वर्मा के साथ उन्होंने 26 गेंदों में महत्वपूर्ण 42 रन जोड़े। हार्दिक पांड्या के साथ सिर्फ 22 गेंदों में 38 रन और शिवम दुबे के साथ केवल 6 गेंदों में 20 रन जोड़कर भारतीय टीम को शानदार जीत दिलाई।
टी-20 विश्व कप के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन ने भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। कोहली ने टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए संयुक्त रूप से दो बार 82* रन बनाए थे। उन्होंने साल 2016 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 गेंदों में 82* रन बनाए थे, जबकि 2022 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 53 गेंदों में 82* रन की पारी खेली थी।
सैमसन ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। इस सूची में पहले स्थान पर सुरेश रैना (101) हैं। सैमसन ईशान किशन के बाद टी-20 विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं। टी-20 विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए सैमसन सबसे बड़ी पारी खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज भी बने हैं। उन्होंने टिम सीफर्ट (89*) का रिकॉर्ड तोड़ा है।
सैमसन ने साल 2015 में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। वह अब तक 60 मैचों की 52 पारियों में 25.97 की औसत और 151.86 की स्ट्राइक रेट से 1,221 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 3 शतक और 4 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 111 रन का रहा है। वह एक कैलेंडर वर्ष में 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जडऩे वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More