Home » विमान हादसों में जान गंवा चुके हैं भारत के कई बड़े नेता, संजय गांधी और विजय रूपाणी का नाम भी लिस्ट में शामिल

विमान हादसों में जान गंवा चुके हैं भारत के कई बड़े नेता, संजय गांधी और विजय रूपाणी का नाम भी लिस्ट में शामिल

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार सुबह एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब पवार का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था। इस घटना के बाद भारत के इतिहास में राजनीतिक नेताओं और प्रमुख हस्तियों की हवाई दुर्घटनाओं की लंबी श्रृंखला फिर से चर्चा में आ गई है। पिछले साल जून 2025 में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौत और अब पुणे में अजित पवार की मृत्यु ने देश को एक बार फिर शोक में डुबो दिया है।
हवाई हादसों में जान गंवाने वाले प्रमुख नेताओं की सूची
1. संजय गांधी (23 जून 1980)
कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी की मौत दिल्ली के सफदरजंग एयरपोर्ट के पास विमान दुर्घटना में हुई। वे स्वयं विमान चला रहे थे और एरोबैटिक्स करते समय नियंत्रण खो बैठे। उनकी उम्र मात्र 33 वर्ष थी।
संजय गांधी को इंदिरा गांधी का उत्तराधिकारी माना जा रहा था और उनकी मौत के बाद उनके बड़े भाई राजीव गांधी राजनीति में आए।
2. माधवराव सिंधिया (30 सितंबर 2001)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और ग्वालियर राजघराने के उत्तराधिकारी माधवराव सिंधिया की मौत उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक निजी सेसना विमान दुर्घटना में हुई। वे कानपुर में एक राजनीतिक रैली के लिए जा रहे थे। सिंधिया लोकसभा में कई बार चुने गए और कभी चुनाव नहीं हारे थे। उनकी मौत से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, और उनके बेटे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राजनीति में प्रवेश किया।
3. जीएमसी बालयोगी (3 मार्च 2002)
लोकसभा के स्पीकर और तेलुगु देशम पार्टी के नेता जीएमसी बालयोगी की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हुई। वे आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले से लौट रहे थे, जब उनका हेलीकॉप्टर तालाब में जा गिरा।
4. साइप्रियन संगमा (22 सितंबर 2004)
मेघालय के ग्रामीण विकास मंत्री साइप्रियन संगमा सहित 10 लोग गुवाहाटी से शिलांग जा रहे थे, जब पवन हंस हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सभी यात्रियों की मौत हुई।
5. ओ. पी. जिंदल और सुरेंद्र सिंह (31 मार्च 2005)
हरियाणा के बिजली मंत्री ओम प्रकाश जिंदल और कृषि मंत्री सुरेंद्र सिंह की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हुई। दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे उनके हेलीकॉप्टर का उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में क्रैश हो गया।
6. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी (2 सितंबर 2009)
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी की बेल 430 हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हुई। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर जंगल में गिर गया और उनका शव 27 घंटे बाद मिला।
7. दोर्जे खांडू (30 अप्रैल 2011)
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोर्जे खांडू की पवन हंस हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हुई। वे तवांग से ईटानगर लौट रहे थे, जब उनका हेलीकॉप्टर चीन सीमा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
8. विजय रूपाणी (12 जून 2025)
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय रूपाणी की मौत अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया फ्लाइट के क्रैश में हुई। टेकऑफ के तुरंत बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 241 यात्रियों की मौत हुई।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More