भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में निरंतर प्रदेश के विकास के लिये कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश, देश का पहला राज्य है, जहाँ विकास के 4 सूत्र गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी (जीवायएएन) के सशक्तिकरण के लिये मिशन मोड पर कार्य हो रहा है। प्रदेश सरकार नारी सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। आज लाड़ली बहनों के खाते में 1836 करोड़ की राशि अंतरित की गयी है। जनवरी 2026 तक बहनों के खातों में 50 हजार करोड़ की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव माखन नगर (बाबई) में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि वितरण के साथ विभिन्न विकास कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में हितलाभ वितरण किये।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से प्रदेश की 29 लाख पात्र हितग्राही बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ से अधिक अनुदान राशि ट्रांसफर की और सोहागपुर विधानसभा के लिए 206 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। इसमें माखन नगर का नवनिर्मित सर्किट हाउस भी शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ख्यातनाम साहित्यकार पं. माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं मुख्य चौक पर लगे तिरंगे को फहराकर राष्ट्रगान की धुन के साथ सलामी दी। उन्होंने कहा कि पं. माखनलाल चतुर्वेदी की कविताओं में ऐसा ओज था कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी बाबई की धरती पर आकर उनकी जन्म-स्थली को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगी विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।