Home » अब हर गांव होगा विकास का केंद्र – विजय शर्मा ने दुलेड़ से दिया शांति और समृद्धि का संदेश

अब हर गांव होगा विकास का केंद्र – विजय शर्मा ने दुलेड़ से दिया शांति और समृद्धि का संदेश

by Bhupendra Sahu

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया जनसंवाद, कहा – अब बदलाव की राह पर है बस्तर

सुकमा नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास की नई कहानी लिखी जा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा आज सुकमा जिले के सुदूर वनांचल ग्राम दुलेड़ पहुंचे। यह पहला अवसर था जब राज्य के उपमुख्यमंत्री ने इस घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उनके साथ दंतेवाड़ा विधायक श्री चौतराम अटामी भी मौजूद रहे।
ग्राम दुलेड़ में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने क्षेत्र के बदलते हालात का संदेश दिया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि दुलेड़ में सुरक्षा बलों का कैंप खुलने के बाद अभूतपूर्व बदलाव आया है। अब यहां के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए अग्रसर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के सभी जनप्रतिनिधि आदिवासी समाज से ही आते हैं, और यह गर्व की बात है कि राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी आदिवासी वर्ग से हैं। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जो लोग भोले-भाले ग्रामीणों को बहकाकर हिंसा के मार्ग पर ले जाते हैं, वे समाज के दुश्मन हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वनांचल के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। वर्षों तक नक्सलियों ने गांवों तक बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को रोककर रखा, लेकिन अब शासन की नीतियों से हर गांव में परिवर्तन की बयार बह रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करें। हाल ही में दो दिनों में 300 लोगों ने हथियार छोड़कर समाज में लौटने का फैसला किया, जिनका ग्राम स्तर पर स्वागत किया गया है। श्री शर्मा ने बताया कि शासन ने आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं के पुनर्वास के लिए संवेदनशील पुनर्वास नीति तैयार की है। साथ ही “इलवद पंचायत योजना” के अंतर्गत अब सशस्त्र नक्सल मुक्त ग्रामों को एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है, जिसके अंतर्गत गांवों में बारहमासी सड़क, मोबाइल टावर, पेयजल व्यवस्था और बस परिवहन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि वनवासियों को उनके वन उत्पादों का उचित मूल्य मिले, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं हर घर तक पहुंचे और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित हो। कार्यक्रम में गृहमंत्री श्री शर्मा ने युवाओं को क्रिकेट किट का वितरण किया। गांव के लोगों ने उपमुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और क्षेत्र में विकास की पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, एडीजी श्री विवेकानंद सिन्हा, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री पी. सुंदरराज, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, एसपी श्री किरण चव्हाण, जनपद अध्यक्ष कोंटा श्रीमती कुसुमलता कोवासी, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, जनपद सदस्य श्री मड़कम भीमा, सरपंच दुलेड़ श्री सेन्द्रा बारसे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More