Home » शाहरुख खान बने दुनिया के सबसे अमीर एक्टर, 12,490 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक

शाहरुख खान बने दुनिया के सबसे अमीर एक्टर, 12,490 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक

by Bhupendra Sahu

बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान आधिकारिक रूप से अरबपति की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। फिल्म उद्योग में 33 साल बिताने के बाद उनकी कुल संपत्ति अब 1.4 अरब डॉलर (12,490 करोड़ रुपए) है। बुधवार को जारी हुई हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 से इस बात का खुलासा हुआ है। किंग खान अब भारत के सबसे अमीर अभिनेता ही नहीं, दुनिया के सबसे अमीर एक्टर भी बन गए हैं। एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार, शाहरुख खान आधिकारिक तौर पर अरबपति क्लब में शामिल हो गए हैं। उनकी संपत्ति टेलर स्विफ्ट (1.3 बिलियन डॉलर), अर्नोल्ड श्वार्जनेगर (1.2 बिलियन डॉलर), जेरी सीनफील्ड (1.2 बिलियन डॉलर) और सेलेना गोमेज (720 मिलियन डॉलर) सहित कई अंतरराष्ट्रीय सेलेब्स से अधिक हो गई है।
शाहरुख खान की नेट वर्थ को बढ़ाने में उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट का हाथ है। इसकी स्थापना 2002 में हुई थी, जिसने चेन्नई एक्सप्रेस, रईस और पठान जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाई हैं।
यह सिर्फ फिल्में ही नहीं बनाती, बल्कि यह कंपनी फिल्मों के लिए वीएफएक्स, डिस्ट्रीब्यूशन और कंटेंट राइट्स को भी संभालती है। इस तरह यह भारतीय मनोरंजन उद्योग की बहुत बड़ी खिलाड़ी साबित हुई है।
इसके अलावा शाहरुख खान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की एक फ्रेंचाइजी, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के को-ओनर भी हैं। उनके पास मुंबई में मन्नत नाम का आलीशान बंगला है, अलीबाग में एक फार्महाउस और लंदन और दुबई में कुछ अपार्टमेंट हैं। यह सब भी उनकी संपत्ति में शामिल है।
इन सबके साथ ही उन्होंने कई अन्य व्यवसायों में भी भारी निवेश कर रखा है। इनके जरिए भी उनकी तगड़ी कमाई होती है।
अन्य भारतीय सेलेब्स की बात करें तो इस सूची में अभिनेत्री जूही चावला और उनका परिवार शामिल हैं, जो दूसरे नंबर पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 7,790 करोड़ रुपए बताई गई है। तीसरे नंबर पर हैं बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन, जिनकी कुल संपत्ति 2,160 करोड़ रुपए है।
चौथे पायदान पर 1,880 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ करण जौहर हैं और पांचवें नंबर पर अमिताभ बच्चन हैं। बिग बी की कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए बताई गई है।
000

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More