बेमेतरा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा, बेमेतरा के कक्षा 6वीं एवं कक्षा 9वीं के कुल 110 विद्यार्थियों को 06 सितंबर 2025 को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ना, संस्कृति एवं इतिहास से परिचित कराना तथा सामाजिक चेतना का विकास करना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने नया रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय का अवलोकन कर आदिवासी समाज की परंपराओं, कला, संस्कृति, वेशभूषा, लोककला और धार्मिक मान्यताओं की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही पुरखोौती मुक्तांगन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, लोककला और विरासत को करीब से देखने का अवसर मिला। वहीं ऊर्जा पार्क रायपुर के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने वनस्पतियों एवं जीवों के संरक्षण, ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण संबंधी उपयोगी जानकारी अर्जित की। यह भ्रमण कार्यक्रम प्राचार्य श्री किशोर कुमार दहिकर के मार्गदर्शन एवं श्री सुनील दम्बारे, श्री टोप्पो, श्रीमती रैचेल एस. बिलंग और सुश्री पूनम लता के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। प्राचार्य श्री दहिकर ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में अनुशासन, जिज्ञासा, समूह कार्य और सांस्कृतिक चेतना का विशेष विकास देखने को मिला तथा सभी विद्यार्थी उत्साहित एवं प्रोत्साहित नजर आए।