Home » इंटरनेशनल ओलंपियाड में चमके बिलासपुर के छात्र, गोल्ड-सिल्वर-ब्रॉन्ज पर कब्जा

इंटरनेशनल ओलंपियाड में चमके बिलासपुर के छात्र, गोल्ड-सिल्वर-ब्रॉन्ज पर कब्जा

by Bhupendra Sahu

बिलासपुर । विश्व के सबसे बड़े ओलिंपियाड, साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित इंटरनेशनल ओलंपियाड परीक्षा 2024-25 में बिलासपुर के तीन छात्रों ने इंटरनेशनल रैंक हासिल की है। आधारशिला विद्या मंदिर के छात्र धैर्य अगीचा ने इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड में पहली रैंक हासिल कर इंटरनेशनल गोल्ड मैडल के साथ प्रमाण पत्र अर्जित किया। वहीँ शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा प्रियांशिका कुमारी ने भी इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में दूसरा स्थान प्राप्त किया और इंटरनेशनल सिल्वर मैडल के साथ प्रमाण पत्र जीता। बचपन एकेडमिक ओशन पब्लिक स्कूल की छात्रा अमाया रोहरा ने भी इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में तीसरी रैंक प्राप्त करते हुए इंटरनेशनल ब्रोंज मैडल और प्रमाण पत्र हासिल किया।

इस वर्ष के एसओएफ ओलंपियाड में 72देशों के लगभग लाखों छात्रों ने भाग लिया, जिसमें बिलासपुर के 18600 से अधिक छात्र शामिल थे। प्रतिभागियों में दिल्ली पब्लिक स्कूल और ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल सहित बिलासपुर के उल्लेखनीय स्कूल शामिल थे।

साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (एसओएफ) ने दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 2024-25 ओलंपियाड परीक्षाओं के टॉपर छात्रों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के 750 से अधिक छात्र और शिक्षक मौजूद थे। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस जे.के महेश्वरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इसी के साथ एसओएफ ने कई सामाजिक और शैक्षणिक पहल भी की हैं, जिनमें “गर्ल चाइल्ड स्कॉलरशिप स्कीम” के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 300 होनहार छात्राओं को वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। वहीं “डिफेंस सर्विसेज फैमिली स्कॉलरशिप” के अंतर्गत रक्षा सेवाओं से जुड़े 260 छात्रों को शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, शैक्षणिक शिविर और प्रदर्शनियां भी आयोजित करता है। “अकादमिक एक्सीलेंस स्कॉलरशिप ” के अंतर्गत 72 देशों के 260 छात्रों को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है। संस्था का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभा को पहचानना, प्रोत्साहित करना और उन्हें विश्व मंच पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला, और डॉ. सतीश आर्य, डीन, सीबीएलयू , भिवानी हरियाणा, भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

हर साल एसओएफ आठ ओलंपियाड परीक्षाएँ आयोजित करता है जिसमे, इंटरनेशनल कंप्यूटर साइंस ओलंपियाड, नेशनल साइंस ओलंपियाड, इंटरनेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड, इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड, इंटरनेशनल जनरल नॉलेज ओलंपियाड, इंटरनेशनल कॉमर्स ओलंपियाड, इंटरनेशनल सोशल स्टडीज़ ओलंपियाड, और इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड शामिल हैं

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More