Home » केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का पूरी मेहनत से करें क्रियान्वयन

केन्द्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं का पूरी मेहनत से करें क्रियान्वयन

by Bhupendra Sahu

रायपुर राज्यपाल श्री रमेन डेका आज कोण्डागांव जिले में अपने प्रथम प्रवास के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में राज्यपाल ने केन्द्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का क्रियान्वयन के लिए पूरी मेहनत के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास की गति में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होेंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं के जमीन स्तर पर क्रियान्वयन को देखने के लिए फील्ड पर जाने और हितग्राहियों से फीडबैक लेने को कहा।

इसके पूर्व राज्यपाल ने जिला कार्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम पर मौलश्री के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण एवं संचयन पर जोर दिया और एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलाशयों, तालाबों का समुचित ध्यान रखें ताकि वर्षा का जल संचयन हो सके और उसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान एक योजना नहीं बल्कि एक मिशन है, जो कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत सभी एक पेड़ अवश्य लगाएं और आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालय परिसर में हरियाली लाने के लिए पौध रोपण करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल ने योग को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी लेते हुए कहा कि योग में निरंतरता बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर कहा कि जिले में मरीजों की संख्या को देखते हुए इसके उन्मूलन के लिए गंभीरता से कार्य करने की जरूरत है। मरीजों के इलाज के लिए गोद लेने के साथ ही निरंतर पोषण आहार मिले यह सुनिश्चित करें। उन्होंने ड्रॉप आउट बालिकाओं को पुनः स्कूलों में लाने के लिए प्रयास करने को कहा और उनकी उपस्थिति में निरंतरता के लिए नियमित पालकों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा के लिए समाज में जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि बच्चों को किताबों और समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

राज्यपाल ने नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत जिले में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए नशे के खिलाफ अभियान चलाने पुलिस विभाग को निर्देशित किया और कहा कि नशे पर रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह 06वीं अनुसूची का क्षेत्र है और यहां शिक्षा और चिकित्सा सेवा पहुंचाना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आदिवासी अंचल में ब्रेस्ट कैंसर को लेकर जागरूकता फैलाना बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने रेडक्रॉस के माध्यम से स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं की स्क्रीनिंग एवं और बीमारी के प्रति जागरूक करने कहा। साथ ही उन्होंने रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। राज्यपाल ने सड़क सुरक्षा और सुरक्षित जिंदगी के लिए यातायात नियमों के पालन के लिए नागरिकों को जागरूक करने कहा। राज्यपाल ने महिलाओं को समूह के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया, विशेष कर स्थानीय मांगों के अनुरूप गतिविधियां शुरू करने को कहा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More