Home » यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया, बनाए ये रिकॉर्ड्स

यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया, बनाए ये रिकॉर्ड्स

by Bhupendra Sahu

विशाखापत्तनम, भारतीय क्रिकेट टीम की युवा सनसनी यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक जड़ दिया है। उन्होंने 277 गेंद का सामना करते हुए यह कारनामा किया। वह टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।यशस्वी ने मैच के पहले दिन 151 गेंद का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया था। आइए उनके आंकड़ो पर नजर डालते हैं।

यशस्वी ने 22 साल और 37 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बने हैं।दूसरे स्थान पर सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने 21 साल और 277 दिन में यह कारनामा किया था। विनोद कांबली ने 21 साल और 32 दिन की उम्र में 224 रन की पारी खेली थी।सबसे कम उम्र में दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड जावेद मियांदाद (19 साल 140 दिन) के नाम है।
यशस्वी ने 290 गेंद का सामना किया और 209 रन बनाए। उनके बल्ले से 19 चौके और 7 छक्के निकले। उन्होंने रोहित शर्मा के साथ 105 गेंद में 40 रन की साझेदारी निभाई।इसके बाद तीसरे विकेट के लिए शुभमन गिल के साथ 68 गेंद में 49 रन जोड़े। श्रेयस अय्यर के साथ यशस्वी की 131 गेंद में 90 रन की साझेदारी हुई।इसके बाद रजत पाटीदार के साथ उन्होंने 70 रन और अक्षर पटेल के साथ 52 रन जोड़े।
यशस्वी का घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड कमाल का है। उन्होंने अब तक 20 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं। इसकी 35 पारियों में उन्होंने 70.50 की औसत से 2,256 रन बनाए हैं।उनके बल्ले से 10 शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 265 रन रहा है।लिस्ट-्र क्रिकेट में उन्होंने 32 मैच खेले हैं इसकी 32 पारियों में उन्होंने 53.96 की औसत से 1,511 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं।

यशस्वी ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में ही शतक जड़ दिया था।उन्होंने अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 10 पारियों में वह 60.00 से ज्यादा की औसत के साथ 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं।उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी का यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में भी इस खिलाड़ी ने 80 रन की पारी खेली थी।
यशस्वी इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बने हैं।गावस्कर इंग्लैंड के खिलाफ सलामी बल्लेबाज के तौर पर दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने साल 1979 में ओवल टेस्ट के दौरान 221 रन की पारी खेली थी।ऐसे में यशस्वी घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज भी बन गए हैं।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More