मुंबई । अफगानिस्तान के खिलाफ 11 जनवरी से मोहाली में शुरू होने वाली आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की 14 महीने बाद सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी हुई है। रोहित फिर से टी20 टीम की कमान संभालने जा रहे हैं।
रोहित और कोहली ने आखिरी टी20 मैच टी20 वर्ल्ड कप 2022 में खेला था। दोनों ने कुछ समय पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 खेलने की ख्वाहिश जताई थी, जिसका आयोजन एक जून से 29 जून तक वेस्टइंडीज और अमेरिका में होगा। टी20 वर्ल्ड कप से पहले अफगानिस्तान सीरीज भारत की आखिरी टी20 इंटरनेशनल सीरीज है।
बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली बार टी20 सीरीज खेली जाएगी। पहला मैच 11 जनवरी को मोहाली, दूसरा 14 जनवरी को इंदौर जबकि तीसरा 17 जनवरी को बेंगलुरु में होगा।
भारत की टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव , अर्शदीप सिंह, आवेश खान, मुकेश कुमार।
00