Home » प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कर रहे कार्य- मंत्री उमेश पटेल

प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कर रहे कार्य- मंत्री उमेश पटेल

by Bhupendra Sahu

रायगढ़ उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल आज रायगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क के लिए पहुंचे। उन्होंने रायगढ़ ब्लॉक के सांगीतराई, केनापाली, ठाकुरपाली और औराभांठा गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही नए कार्यों की घोषणा भी की। उच्च शिक्षामंत्री ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांवों के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही प्रदेश के पारंपरिक तीज त्यौहारों और खानपान को बढ़ावा देकर समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य कर रही है। आने वाली पीढिय़ों को लोक पर्वों से जोड़ने त्योहारों पर अवकाश घोषित करने और पूरे रीति रिवाजों के साथ मनाने की शुरुआत की है। पिछले 4 वर्षों के दौरान ऐसी योजनाएं बनाकर क्रियान्वित की गई जिसका सभी वर्गों को लाभ मिला। गांव में गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से जोड़ कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है।

शासन में आते ही वृहत कर्जमाफी का कार्य किया। आज कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ में किसानों को उनकी फसलों की उचित कीमतें मिल रही है। समर्थन मूल्य के साथ आदान सहायता बोनस से अब धान के लिए किसानों को 2640 रुपए प्रति किं्वटल मिल रहा है। यह पूरे देश में सर्वाधिक है। धान के साथ दूसरी फसलों के लिए भी इनपुट सब्सिडी बोनस मिल रहा है। यह पिछले चार वर्षों से लगातार जारी है। एक ओर जहां किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए योजनाएं चल रही हैं वहीं भूमिहीन श्रमिकों को सालाना 7 हजार रुपए की सहयोग राशि दी जा रही है। बच्चों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नींव मजबूत करने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोले गए हैं। जहां बच्चे सरकारी स्कूल की फीस में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई कर रहे हैं। जिला और ब्लॉक में इन स्कूलों को खोलने के साथ आगे विस्तार कर स्कूलों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जिससे स्थानीय प्रतिभाएं प्रादेशिक व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। अधिकारियों-कर्मचारियों की मांग पर पुरानी पेंशन स्कीम की फिर से प्रदेश में शुरुआत की गई है। युवाओं में नेतृत्व कौशल विकसित करने राजीव युवा मितान क्लब खोले गए हैं जिसके माध्यम से उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में जोड़ा जा रहा है। समर्थन मूल्य में खरीदी होने वाले वनोपजों की संख्या बढ़ाकर संग्राहकों को आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल ने इस दौरान ग्राम ठाकुरपाली में 15 लाख रुपए की लागत से बने प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम औराभांठा में सीसी रोड, नाली, पचरी निर्माण, पानी टंकी, बोर खनन एवं मुक्ति धाम निर्माण का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम सांगीतराई में सांस्कृतिक भवन निर्माण की घोषणा की। उच्च शिक्षामंत्री श्री पटेल ने कहा कि जनसंपर्क के माध्यम से लोगों से सीधे संवाद होता है और उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जानने का मौका मिलता है। जिससे आगे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की रूपरेखा बनाई जा सके। इस मौके पर ग्रामवासियों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उच्च शिक्षा मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल, श्री दिलीप पटेल, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती चंचला पारस साव, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री कन्हैया चरण पटेल, सरपंच श्री रविशंकर सिदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More