Home » जूनियर विश्व चैंपियनशिप में उन्नति, अनुपमा करेंगी भारत की अगुवाई

जूनियर विश्व चैंपियनशिप में उन्नति, अनुपमा करेंगी भारत की अगुवाई

by Bhupendra Sahu

नयी दिल्ली। हाल ही में शीर्ष जूनियर विश्व रैंकिंग हासिल करने वाली अनुपमा उपाध्याय और ओडिशा ओपन सुपर 100 की चैंपियन उन्नति हुड्डा बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगी। यह शीर्ष आयोजन कोरोना महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद 17-30 अक्टूबर तक स्पेन के सेंटेंडर में आयोजित किया जाएगा। भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि विश्व जूनियर चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम चयन प्रक्रिया के बाद निर्धारित की गयी है, जिसमें दो अखिल भारतीय रैंकिंग टूर्नामेंट और रायपुर में आयोजित एक चयन परीक्षण शामिल था।

हुड्डा ने लड़कियों के एकल ट्रायल में पहला स्थान हासिल किया था जबकि एस रक्षिता श्री और उपाध्याय क्रमश: दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रही थीं।
गोवा और पंचकुला में अखिल भारतीय रैंकिंग खिताब जीतने वाले भरत राघव और पूर्व जूनियर विश्व नंबर एक शंकर मुथुसामी लड़कों के एकल वर्ग में भारत का सर्वश्रेष्ठ दांव होंगे।
भारत ने अब तक प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य पदक जीते हैं। राष्ट्रमंडल खेल 2022 के गोल्ड मेडलिस्ट लक्ष्य सेन ने 2018 में लड़कों का एकल कांस्य जीतकर भारत को आखिरी जूनियर बैडमिंटन पदक दिलाया था।
बीएआई के सचिव संजय मिश्रा ने कहा, जूनियर विश्व चैंपियनशिप लंबे अंतराल के बाद हो रही है और नये खिलाडिय़ों के उभरने के साथ टीम का चयन व्यापक चयन ट्रायल के बाद किया गया है।
उन्होंने कहा, हमें विश्वास है कि हम मिश्रित टीम चैंपियनशिप और व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
प्रतियोगिता की शुरुआत मिश्रित टीम स्पर्धा से होगी। टाई का फैसला करने के लिए पुरुष और महिला एकल, पुरुष और महिला युगल और मिश्रित युगल सहित पांच मुकाबले खेले जाएंगे।
भारत पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल वर्ग में भी दो-दो युगल जोड़े उतारेगा।
अर्श मोहम्मद और अभिनव ठाकुर के नये संयोजन के साथ निकोलस नाथन राज और तुषार सुवीर पुरुष युगल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
महिला युगल में, अखिल भारतीय रैंकिंग मीट गोवा की विजेता इशरानी बरुआ और देविका सिहाग, तमिलनाडु की श्रेया बालाजी और श्रीनिधि एन के साथ शामिल होंगी, जिन्होंने हाल ही में दक्षिण क्षेत्र अंडर-19 मिश्रित टीम का खिताब जीतने में अपने राज्य की मदद की थी।
भारत की टीम
लड़कों के एकल : भरत राघव, शंकर मुथुसामी एस, आयुष शेट्टी
बालिका एकल : उन्नति हुड्डा, रक्षिता श्री एस, अनुपमा उपाध्याय
बालक युगल : अर्श मोहम्मद/अभिनव ठाकुर, निकोलस नाथन राज/तुषार सुवीर
बालिका युगल : इशरानी बरुआ/देविका सिहाग, श्रेया बालाजी/श्रीनिधि एन.
मिश्रित युगल : समरवीर/राधिका शर्मा, विघ्नेश थथिनेनी/श्री साई श्रव्य लक्कमराजू

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More