हरारे । भारतीय क्रिकेट टीम लगातार चौथी एकदिवसीय शृंखला जीतने के प्रयास में शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरा एकदिवसीय मैच खेलेगी। भारत इस समय तीन मैचों की शृंखला में 1-0 से आगे चल रहा है और यदि वह इस मैच को जीत लेता है तो उसे 2-0 की अजेय बढ़त हासिल हो जाएगी। यह केएल राहुल की बतौर कप्तान पहली विजयी शृंखला भी होगी।
करीब तीन माह के बाद मैदान पर वापस लौटे राहुल इस मैच में ओपनिंग भी कर सकते हैं। वह पिछले मैच में चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करने वाले थे मगर 189 रन के लक्ष्य को शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी ने ही हासिल कर लिया, जिसके कारण उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। अगस्त के अंत में होने वाले एशिया कप से पहले राहुल विकेट पर समय बिताने के लिये पहले नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
दूसरी ओर, यदि शुभमन गिल को पारी की शुरुआत करने का अवसर मिलता है तो वह इस स्थान को अपना बनाना
चाहेंगे। गिल ने अपनी पिछली चार पारियों में ओपनिंग करते हुए 64, 43, 98 और 82 के स्कोर बनाये हैं, और वह भविष्य में भारत के स्थायी ओपनर बनने के मजबूत दावेदार हैं।
भारत की प्रतिद्वंदी जिम्बाब्वे को अपने से बेहतर टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने के लिये बल्लेबाजी से जुड़ी कुछ समस्याओं का हल निकालना होगा। जिम्बाब्वे ने इस शृंखला में आने से पहले बांग्लादेश को टी20 और एकदिवसीय सीरीज में मात दी थी, मगर भारत के खिलाफ पहले मैच में टीम का रंग फीका नजर आया।
बंगलादेश के खिलाफ पहले वनडे में शतक जडऩे वाले इनोसेंट काइया, तदीवनाशे मरूमानी, वेस्ले माधेवेरे और तकुद्ज़वनाशे काइटानो को पिच पर समय बिताकर मध्य क्रम के बल्लेबाजों के लिये मंच तैयार करना होगा। टीम को सिकंदर रज़ा और रायन बर्ल से भी विशेष उम्मीदें होंगी।
दीपक चहर, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की तिकड़ी के खिलाफ जिम्बाब्वे की मानसिकता उनके लिये निर्णायक साबित होगी।
00