Home » टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, जिम्बाब्वे को 10 विकेट से चटाई धूल

टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, जिम्बाब्वे को 10 विकेट से चटाई धूल

by Bhupendra Sahu

हरारे । भारत ने शिखर धवन (81 नाबाद) और शुभमन गिल (82 नाबाद) के दमदार अर्द्धशतकों की बदौलत जिम्बाब्वे को पहले एकदिवसीय मैच में गुरुवार को 10 विकेट से रौंद दिया। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 190 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने आसानी के साथ 30.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने ब्रैड इवान्स (32) और रिचर्ड एंगरावा (34) की जुझारू पारियों की बदौलत पहली पारी में 189 रन बनाये थे। जिम्बाब्वे जब बल्लेबाजी करने उतरी तो पिछली शृंखला की अपनी फॉर्म को बरकरार नहीं रख सकी और निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाये। दीपक चहर ने जहां सलामी बल्लेबाज इनोसेंट काइया, तादीनाशे मारूमानी और वेस्ले मादेवेरे को पवेलियन लौटाया, वहीं मोहम्मद सिराज ने सीन विलियम्स को आउट किया। बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों में दो शतक जडऩे वाले सिकंदर रज़ा 12 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार हुए।

मात्र 66 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद कप्तान रेगिस चकाब्वा ने जि़म्बाब्वे की लडख़ड़ाती हुई पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वह भी 51 गेंदों पर 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गये। चकाब्वा ने अपनी पारी में चार चौके लगाये।
रायन बर्ल (11) और ल्यूक जॉन्ग्वे (13) का विकेट गिरने के बाद जिम्बाब्वे संकट की स्थिति में थी, लेकिन ब्रैड इवान्स और रिचर्ड एंगरावा टीम के लिये संकटमोचक बनकर उभरे। दोनों ने नौंवे विकेट के लिये 70 रन जोड़े। इवान्स ने जहां 29 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की बदौलत 33 रन बनाये, वहीं एंगरावा ने 42 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 34 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के प्रयास ने टीम को 189 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
भारत की ओर से चहर (सात ओवर, 27 रन), कृष्णा (आठ ओवर, 50 रन) और अक्षर पटेल (7.3 ओवर, 24 रन) ने तीन-तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज ने आठ ओवर में 36 रन के बदले एक विकेट लिया।
0

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More