नई दिल्ली । देश में खुदरा महंगाई दर के लगातार ऊपर रहने की खबर आने के बाद वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा है कि सरकार हर वस्तु की कीमत पर अलग-अलग निगरारी करते हुए जहां जरूरी होता है वहां कदम उठा रही है। आपको बता दें कि मंगलवार को सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में खुदरा महंगाई दर 7.01 प्रतिशत पर बनी हुई है। हालांकि इसमें मई महीने की तुलना में हल्की गिरावट दर्ज की गई है पर अब भी यह आरबीआई के राहत के स्तर छह फीसदी से अधिक है। इससे पहले मई महीने में खुदरा महंगाई दर 7.04 फीसदी दर्ज की गई थी।
मंगलवार को वित्तमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि जैसा कि आरबीआई ने अनुमान लगाया है, चालू वित्तीय वर्ष की दूसरी छमाही की शुरुआत तक, रिजर्व बैंक और सरकार दोनों को ही सावधान रहने की जरूरत है। आपको बता दें कि भारत का वित्तीय वर्ष अप्रैल से मार्च तक का है और इसकी दूसरी छमाही अक्टूबर महीने से शुरू होगी। वित्तमंत्री ने कहा है कि हमें मूल्य वृद्धि के प्रति हमें सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा है कि सरकार हर उस वस्तु की मूल्य में वृद्धि पर नजर बना कर रख रही है जो महंगी होती जा रही है, जहां जरूरत पड़ रही है हम कदम उठा रहे हैं। इस दौरान वित्त मंत्री ने यह भी कहा है कि अगर मॉनसून अनुकूल रहा तो इससे अच्छा उत्पादन होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में मांग बढ़ेगी।