नई दिल्ली । दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की सूची में रोजना बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जहां एक ओर लंबे समय तक नुकसान झेलने के बाद टेस्ला सीईओ एलन मस्क अब जोरदार फायदे में चल रहे हैं और शीर्ष पायदान पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं। वहीं दूसरी ओर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति भारतीय उद्योगपति गौतम अदाणी को बीते कुछ दिनों से घाटा उठाना पड़ रहा है और वह लगातार सूची में नीचे खिसकते जा रहे हैं। ताजा आंकड़ों को देखें तो अदाणी की नेटवर्थ कम होकर 100 अरब डॉलर के नीचे पहुंच गई है।
टॉप-10 में आठवें नंबर पर खिसके
बुधवार को दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की संपत्ति पर नजर डालें तो टॉप-10 में शामिल एक भारतीय उद्योगपति को जोरदार नुकसान हुआ है, जबकि दूसरे उद्योगपति को जबरदस्त फायदा हुआ है। जी हां, हम बात कर रहे हैं अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मालिक मुकेश अंबानी की। पहले बात करते हैं अदाणी के बारे में तो बीते 24 घंटों में इन्हें 3.69 अरब डॉलर (करीब 28 हजार करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। इस घाटे के चलते लंबे समय बाद उनकी नेटवर्थ 100 अरब डॉलर के नीचे पहुंच गई है और इसके साथ ही अदाणी सातवें स्थान से खिसककर आठवें पायदान पर आ गए हैं। फिलहाल, गौतम अदाणी की नेटवर्थ कम होकर 98.1 अरब डॉलर रह गई है।
मुकेश अंबानी का दबदबा बढ़ा
एक ओर जहां गौतम अदाणी का कद कमजोर पड़ रहा है, तो टॉप-10 अरबपतियों में शामिल रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने लंबी छलांग लगाई है और दसवें नंबर से नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। खबर लिखे जाने तक अंबानी को 2.09 अरब डॉलर (16 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा) का फायदा हुआ है। इसके साथ ही मुकेश अंबानी की नेटवर्थ बढ़कर 96 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। यहां बता दें कि पिछले कुछ दिनों से अंबानी को लगातार घाटा उठाना पड़ रहा था, लेकिन अब उनकी संपत्ति में तेजी देखने को मिल रही है।