नईदिल्ली । बीसीसीआई सचिव जय शाह ने शुक्रवार को कहा कि स्थगित की गई रणजी ट्रॉफी अगले महीने से दो चरण में खेली जायेगी । पिछले साल कोरोना महामारी के कारण टूर्नामेंट का आयोजन नहीं किया गया था । समझा जाता है कि 38 टीमों का यह टूर्नामेंट फरवरी के दूसरे सप्ताह में शुरू होगा और पहला चरण एक महीने तक चलेगा । पहले इसका आयोजन 13 जनवरी से होना था लेकिन कोरोना महामारी की तीसरी लहर के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था ।
शाह ने एक बयान में कहा ,” बोर्ड ने रणजी ट्रॉफी का आयोजन दो चरण में करने का फैसला किया है । पहले चरण में लीग स्तर के मैच होंगे और नॉकआउट जून में खेले जायेंगे । उन्होंने कहा ,” मेरी टीम महामारी के कारण स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह के जोखिम से निपटने के लिये पूरी तैयारी कर रही है ।
शाह ने कहा कि बीसीसीआई रणजी ट्रॉफी के महत्व को समझती है । उन्होंने कहा ,” रणजी ट्रॉफी हमारी सबसे प्रतिष्ठित घरेलू प्रतिस्पर्धा है जिससे हर साल भारतीय क्रिकेट को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिलते हैं । यह जरूरी है कि इस प्रमुख टूर्नामेंट के हितों की सुरक्षा के लिये सभी जरूरी उपाय किये जाये । इससे एक दिन पहले बोर्ड के कोषाध्यक्ष अरूण धूमल ने कहा था कि बोर्ड इस साल टूर्नामेंट का आयोजन करना चाहता है । इंडियन प्रीमियर लीग भी 27 मार्च से शुरू हो रही है जिसकी वजह से रणजी ट्रॉफी दो चरण में कराई जायेगी ।