दुर्ग। शिवनाथ नदी के इंटकवेल में पुलगांव नाले के माध्यम से पहुंचने वाले 10 वार्डों का गंदा पानी को इंटकवेल में मिलने की जगह डाइवर्ट करने के डेढ़ वर्ष से जारी कार्य में तेजी लाने के निर्देश देने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा एवं महापौर धीरज बाकलीवाल निरीक्षण करने पहुंचे। नाले के माध्यम से इंटकवेल में ना सिर्फ गंदा पानी आता है, बल्कि जलकुंभी एवं कचरे के जमावड़े से बार बार 24 एवं 42 एमएलडी फिल्टर प्लांट में जल आपूर्ति भी बाधित होती है जिसके निराकरण के लिए लंबे समय से कागजों में पड़े नाला डायवर्सन के कार्य को जनता के लाभ हेतु धरातल में लाने के लिए विधायक वोरा ने पहल के बाद निगम द्वारा 3.75 करोड़ की लागत से कार्य प्रारंभ कराया गया है। वोरा ने कहा कि कार्य निष्पादन में समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए साथ ही ग्रीष्म ऋतु की आमद को देखते हुए पेयजल से संबंधित सभी कार्यों में तेजी लाई जाए। टैंकरों की रिपेयरिंग से लेकर अतिरिक्त पम्पों की व्यवस्था कर ली जाए। महापौर धीरज बाकलीवाल ने अधिकारियों को वर्षा ऋतु के पूर्व नाले डायवर्सन का ज्यादा से ज्यादा कार्य पूर्ण करें ताकि नदी का जलस्तर बढ़ने से कार्य मे रुकावट ना आए।
57 लाख से स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण के साथ अधोसंरचना विकास के होंगे काम : वोरा
विधायक वोरा , महापौर धीरज बाकलीवाल व सभापति राजेश यादव ने निगम क्षेत्र के दो वार्डों में 22 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जिसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 48 आनंद नगर में 9 लाख की लागत से ओपन जिम निर्माण एवं वार्ड क्रमांक 49 विद्युत नगर में 13 लाख की लागत से जर्जर सड़कों का सीमेंटीकरण कार्य शामिल है।
साथ ही वोरा के निर्देश पर शिवनाथ नदी मुक्तिधाम में शेड निर्माण हेतु 15 लाख एवं नदी के तट को आम जनता के लिए अधिक सुरक्षित बनाने के लिए 20 लाख से चबूतरा निर्माण कार्य संपादित किया जाएगा। श्री वोरा ने कहा कि शहर के नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं के साथ ही सौंदर्यीकरण एवं बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी लगातार काम कराए जा रहे हैं। उन्होंने निगम अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए। महापौर धीरज बाकलीवाल ने वार्ड के नागरिकों को बधाई देते हुए बताया कि बिना किसी भेदभाव के शहर के सभी 60 वार्डों में विकास कार्य शुरू किए गए हैं। इस दौरान लोक कर्म प्रभारी अब्दुल गनी, वार्ड पार्षद माहेश्वरी ठाकुर, भास्कर कुण्डले, एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, प्रकाश गीते, कंचन शुक्ला, डॉ प्रभात पांडेय, देवकुमार जंघेल एवं निगम अभियंता नेमीचंद जैन, एस डी शर्मा, मोहित मरकाम सहित वार्ड वासी मौजूद थे।