Home » कोरोना ने तोड़ा 8 महीने का रिकॉर्ड, 24 घंटे में 3.17 लाख से अधिक नए मामले, मौत का दैनिक आंकड़ा 350 के पार

कोरोना ने तोड़ा 8 महीने का रिकॉर्ड, 24 घंटे में 3.17 लाख से अधिक नए मामले, मौत का दैनिक आंकड़ा 350 के पार

by Bhupendra Sahu

नई दिल्ली । कोरोना के दैनिक मामलों में रिकॉर्ड इजाफा देखने को मिला। तीन लाख से अधिक नए मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 3,17,532 केस सामने आए हैं। इससे पहले भारत ने पिछली बार 15 मई को (3,11,077) को 3 लाख से अधिक मामले दर्ज किए थे। आपको बता दें कि तीसरी लहर में इस आंकड़े को छूने में सिर्फ 23 दिन ही लगे हैं। दूसरी लहर में करीब 60 दिन लग गए थे।

केंद्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस महामारी के कारण कल 356 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मरने वालों के आंकड़े रात ग्यारह बजे तक के हैं। इसे देखते हुए मंगलवार को मरने वालों की संख्या 356 के आंकड़े को पार करने की संभावना है। आपको बता दें कि हम जो आंकड़े बता रहे हैं उनमें पंजाब, झारखंड और त्रिपुरा के आंकड़े शामिल नहीं हैं।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश
वैश्विक स्तर की बात करें तो भारत अमेरिका के बाद दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। 17 जनवरी से अब तक देश ने 8.7 लाख से अधिक दैनिक मामलों की सूचना दी है। सबसे ज्यादा प्रभावित देशों के तुलनात्मक अंतरराष्ट्रीय डेटा से पता चलता है कि जनवरी में अर्जेंटीना भारत और अमेरिका के अलावा एकमात्र अन्य देश था, जहां एक लाख से अधिक दैनिक मामले दर्ज किए गए थे। मृत्यु के आंकड़ों से पता चलता है कि अब तक भारत में दैनिक मृत्यु दर अमेरिका, रूस, कनाडा, मेक्सिको और पोलैंड जैसे देशों की तुलना में कम है। अमेरिका को छोड़कर अन्य सभी के लिए दैनिक मामलों की संख्या भारत की तुलना में कम है।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक मामले
राज्यों में महाराष्ट्र सूची में सबसे ऊपर है। उसके बाद कर्नाटक का नंबर आता है। दोनों ने बुधवार को 40,000 से अधिक मामलों की रिपोर्टिंग की है। केरल ने 30,000 से अधिक मामलों की सूचना दी और उसके बाद तमिलनाडु और गुजरात का स्थान है जहां दैनिक गिनती 20,000 से अधिक थी। छह राज्यों ने 10,000 से अधिक मामलों की सूचना दी है। सूची में उच्च से निम्न मामलों के क्रम में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश शामिल थे।
महाराष्ट्र में 43,697, गुजरात में 20,966 नए मामले
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 43,697 मामले सामने आए जो कि एक दिन पहले सामने आए मामलों से 10 प्रतिशत ज्यादा थे। इसके साथ ही ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमण के 214 नए मामले सामने आए। वहीं, पड़ोसी राज्य गुजरात में संक्रमण के 20,966 नए मामले सामने आए जो कि राज्य में अब तक सामने आए दैनिक मामलों की सर्वाधिक संख्या है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले एक दिन में राज्य में कोविड-19 से 49 मरीजों की मौत हो गई। वर्तमान में महाराष्ट्र में 23,93,704 मरीज घर पर पृथक-वास में हैं और 3,200 संक्रमित संस्थागत पृथक-वास में हैं। इस बीच गुजरात के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि बुधवार को संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले सामने आए। नए मामले सामने आने के बाद गुजरात में संक्रमण के मामले बढ़कर 9,77,078 हो गए हैं। राज्य में पिछले एक दिन में महामारी से 12 मरीजों की मौत हो गई जिससे मृतकों की संख्या 10,186 पर पहुंच गई।
कर्नाटक में संक्रमण के 40,499, तमिलनाडु में 26,981, तेलंगाना में 3,557 नए मामले सामने आए
वहीं, कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 40,499 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 33,29,199 हो गई। इसके अलावा महामारी से 21 और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 38,486 हो गई। वहीं, तमिलनाडु में संक्रमण के 26,981 और मौत के 35 नए मामले सामने आए जबकि तेलंगाना में संक्रमण के 3,557 नए मामले सामने आए तथा तीन और रोगियों की कोविड-19 से मौत हो गई। कर्नाटक में दिसंबर के अंतिम सप्ताह से संक्रमण के मामलों में तेज वृद्धि देखी जा रही है। मंगलवार को राज्य में 41,457 मामले सामने आए थे।
स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 2,67,650 है। अब तक कुल 30,23,034 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। वहीं, तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमण के कुल 30,14,235 सामने आ चुके हैं और मृतकों की संख्या 37,073 तक पहुंच गई है। विभाग ने कहा कि बीते 24 घंटे में 17,456 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद ठीक चुके लोगों की संख्या 1,70,661 हो गई है। वहीं, तेलंगाना में संक्रमितों की कुल संख्या 7,18,196 तथा मृतकों की तादाद 4,065 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि दिनभर में 1,773 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की संख्या 6,89,878 हो गई है और उपचाराधीन रोगियों की संख्या 24,253 है।
00

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More