Home » गेटाफे ने रोका रीयाल मैड्रिड का अजेय अभियान, बार्सिलोना जीता

गेटाफे ने रोका रीयाल मैड्रिड का अजेय अभियान, बार्सिलोना जीता

by Bhupendra Sahu

बार्सिलोना । रीयाल मैड्रिड का पिछले तीन महीनों और सभी प्रतियोगिताओं में 15 मैचों से चला आ रहा अजेय अभियान रविवार को स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में गेटाफे के हाथों 1-0 की हार के साथ ही थम गया। लीग में शीर्ष पर चल रहे रीयाल मैड्रिड की टीम दो सप्ताह के अवकाश के बाद अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पायी। गेटाफे के स्ट्राइकर इनेस उनाल ने नौवें मिनट में डिफेंडर एडेर मिलिताओ से गेंद छीनी और थिबौट कोर्टिस को छकाकर गोल दागा। उसने इसके बाद आखिर तक अपनी इस बढ़त को कायम रखा।

इस हार के बावजूद रीयाल मैड्रिड ने दूसरे स्थान पर काबिज सेविला पर आठ अंक की बढ़त बना रखी है।
रीयाल मैड्रिड ने इससे पहले अपना आखिरी मैच तीन अक्टूबर को गंवाया था। इसके बाद उसने सभी प्रतियोगिताओं में 13 मैच जीते और दो मैच ड्रा करवाये थे।
इस बीच बार्सिलोना ने 10 खिलाडिय़ों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बावजूद मालोर्का को 1-0 से हराया। अब तक बमुश्किल आजमाये गये लुक डि जोंग ने कुछ शीर्ष खिलाडिय़ों की अनुपस्थिति का फायदा उठाया। इस स्ट्राइकर ने 44वें मिनट में बार्सिलोना की तरफ से गोल दागा जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ।
मौजूदा चैंपियन एटलेटिको मैड्रिड ने एक अन्य मैच में एंजेल कोरिया के दो गोल की मदद से रायो वालेकानो को 2-0 से पराजित किया। सेल्टा विगो भी इगोस ऐस्पास के दो गोल से रीयाल बेटिस को 2-0 से हराने में सफल रहा।
अन्य मैचों में एल्ची ने ग्रेनाडा के खिलाफ गोलरहित ड्रा और रीयाल सोसिडाड ने एल्विस के खिलाफ 1-1 से ड्रा खेलकर अंक बांटे।
००

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More