नई दिल्ली । टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने अपने करियर के पहले ही टेस्ट मैच में इतिहास रच डाला है। अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कानपुर टेस्ट के दूसरे दिन शतक लगाकर खुद को रोहित शर्मा, शिखर धवन, लाला अमरनाथ जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल कर लिया है। डेब्यू टेस्ट में भारत की ओर से सेंचुरी लगाने वाले अय्यर 16वें बल्लेबाज बन गए हैं। भारत की ओर से सबसे पहले यह कारनामा लाला अमरनाथ ने किया था, जिन्होंने 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में खेले गए टेस्ट मैच में 118 रनों की पारी खेली थी।
दीपक शोधन (110), एजी कृपाल सिंह (नॉटआउट 100), अब्बास अली बेग (112), हनुमंत सिंह (105), गुंडप्पा विश्वनाथ (137), सुरिंदर अमरनाथ (124), मोहम्मद अजहरुद्दीन (110), प्रवीण आमरे (103), सौरव गांगुली (131), वीरेंद्र सहवाग (105), सुरेश रैना (120), शिखर धवन (187), रोहित शर्मा (177) और पृथ्वी शॉ (134) उनसे पहले ऐसा कर चुके हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में सेंचुरी ठोकने वाले श्रेयस अय्यर महज तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह कारनामा एजी कृपाल सिंह और सुरिंदर अमरनाथ ही कर पाए हैं। अय्यर ने 157 गेंद पर 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से ये रन बनाए। कप्तान विराट कोहली इस मैच में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह अय्यर को टीम में जगह मिली। अय्यर ने यह मौका अपने हाथ से जाने नहीं दिया है।