Home » अर्जुन कपूर ने किया अपनी नई फिल्म लेडी किलर का ऐलान

अर्जुन कपूर ने किया अपनी नई फिल्म लेडी किलर का ऐलान

by Bhupendra Sahu

बोनी कपूर के बेटे और अभिनेता अर्जुन कपूर यूं तो अब तक कई फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं, लेकिन उन्हें इंडस्ट्री में अब तक सुपरस्टार वाला तबका नहीं मिला है और उसके लिए उनका गिरता करियर ग्राफ जिम्मेदार रहा है। उनकी पिछली फिल्म भूत पुलिस भी दर्शकों की कसौटी पर खरी नहीं उतरी। हालांकि, अर्जुन के पास काम की कमी नहीं है। अब अर्जुन एक नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। अर्जुन जल्द ही लेडी किलर नाम की एक फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इस फिल्म की जानकारी दी है। अर्जुन ने फिल्म का पहला पोस्टर प्रशंसकों के साथ साझा करते हुए लिखा, इसमें रोमांच है, रोमांस है, इमोशन है और सस्पेंस भी है। लेकर आ रहा हूं आपके लिए फिल्म द लेडी किलर। यह एक शानदार प्रेम कहानी है और मेरी अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म है।

अर्जुन ने आगे लिखा, मुझ पर भरोसा करने के लिए निर्देशक विकास बहल का बहुत-बहुत शुक्रिया। मतलब यह कि इस फिल्म के निर्देशक विकास बहल हैं। अर्जुन ने अपने पोस्ट के जरिए यह भी बताया है कि उनकी इस फिल्म को भूषण कुमार, शैलेश आर सिंह और कृष्णा कुमार मिलकर बना रहे हैं। पोस्टर में अर्जुन का लुक देखते ही बनता है। इसे देख लग रहा है कि फिल्म में उनकी भूमिका काफी संजीदा होने वाली है।

अर्जुन पिछले काफी समय से फिल्म एक विलेन रिटर्न्स को लेकर भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसमें वह नकारात्मक भूमिका में नजर आ सकते हैं। इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं, जिन्होंने फिल्म एक विलेन के निर्देशन की कमान संभाली थी। एकता कपूर और भूषण कुमार फिल्म के निर्माता हैं। इस फिल्म में जॉन अब्राहम और दिशा पटानी भी अहम भूमिका निभा रही हैं। एक विलेन रिटर्न्स 11 फरवरी, 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।

अर्जुन जल्द ही फिल्म कुत्ते में भी एक खास भूमिका निभाते दिखेंगे। अगस्त में उनकी इस फिल्म का पहला पोस्टर सामने आया था। फिल्म में अर्जुन के साथ कोंकणा सेन शर्मा, नसीरुद्दीन शाह, कुमुद मिश्रा, राधिका मदान, शार्दुल भारद्वाज और तब्बू भी नजर आएंगी। विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। यह चर्चा भी जोरों पर है कि सुपरहिट मलयालम फिल्म अय्यपनम कोशियुम के हिंदी रीमेक में भी अर्जुन की एंट्री हो गई है।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More