Home » आगामी त्योहारों को देखते हुए ट्रैफिक एवं पार्किंग को व्यवस्थित करने निगम, पुलिस प्रशासन एवं व्यापारी संघ की हुई संयुक्त बैठक… दुकान के बाहर सड़क बाधा कर तथा अतिरिक्त सामान फैलाकर व्यवसाय करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, चलेगा अभियान

आगामी त्योहारों को देखते हुए ट्रैफिक एवं पार्किंग को व्यवस्थित करने निगम, पुलिस प्रशासन एवं व्यापारी संघ की हुई संयुक्त बैठक… दुकान के बाहर सड़क बाधा कर तथा अतिरिक्त सामान फैलाकर व्यवसाय करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, चलेगा अभियान

by Bhupendra Sahu

भिलाई । आगामी त्योहारों को देखते हुए ट्रैफिक एवं पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए निगम, पुलिस प्रशासन एवं व्यापारी संघ की निगम सभागार में बैठक हुई जिसमें चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। रविवार को पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संयुक्त निरीक्षण मार्केट क्षेत्रों का किया जाएगा। त्योहारी सीजन को देखते हुए पार्किंग की उचित व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारी संघ से सुझाव बैठक में लिए गए, वहीं निगम एवं पुलिस प्रशासन ने भी कुछ स्थानों पर भीड़ होने के कारण पार्किंग के लिए व्यवस्था बनाने प्रशासन का सहयोग करने व्यापारियों से कहा। बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव, ट्रैफिक डीएसपी गुरजीत सिंह, अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, निगम के समस्त जोन आयुक्त, सहायक राजस्व अधिकारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारी अजय भसीन, अक्षय गुप्ता, उत्तम चंद जैन, सुभाष साहू, गौरी शंकर मिश्रा, सतीश जैन, पवन अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अकाश गुप्ता, राजीव कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार, प्रकाश, सुनील मिश्रा इत्यादि मौजूद रहे।

इन क्षेत्रों में पार्किंग के लिए मिले सुझाव आकाशगंगा मार्केट में पार्किंग के लिए चयनित स्थल के अतिरिक्त पारख ज्वेलर्स के पीछे एवं समीपस्थ ब्रिज के पास, सुपेला मार्केट क्षेत्र के लिए संजय नगर तालाब के समीप स्थल एवं वेंकटेश्वर टॉकीज के पास, पावर हाउस क्षेत्र के लिए लाल मैदान एवं छावनी थाना के समीप का स्थल, सेक्टर 10 मार्केट के लिए सड़क नंबर 14 एवं 15 तथा 16 एवं 17 के मध्य का स्थल इसके अतिरिक्त मार्केट के समीपस्थ खाली स्थानों पर पार्किंग स्थल तैयार करने बैठक में सुझाव प्राप्त हुए।
रविवार को होगा संयुक्त निरीक्षण रविवार को निगम, पुलिस प्रशासन एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स तथा व्यापारी संघ के पदाधिकारी संयुक्त निरीक्षण मार्केट क्षेत्रों का करेंगे और मार्केट क्षेत्र में पार्किंग की उचित व्यवस्था बनाने के लिए स्थल चयनित करेंगे। साथ ही जिन मार्केट क्षेत्रों में त्यौहारों में अत्यधिक भीड़ होती है उन स्थलों का निरीक्षण कर जायजा लेंगे।
अपने अहाते के भीतर रखे सामान अन्यथा होगी कार्यवाही निगम प्रशासन दुकानदारों/व्यवसायियों से यह अपील करती है कि दुकानों के सामान को सड़क में फैलाकर तथा सड़क बाधा कर व्यवसाय न करें। अपने दुकान की सीमा क्षेत्र तक ही सामान रखें अनावश्यक रूप से सड़क बाधा करने पर कार्रवाई की जाएगी। वही निर्धारित स्थलों पर ही व्यवसाय करें! पसरा वाले, ठेला वाले एवं गुमटी के माध्यम से व्यवसाय करने वाले बेतरतीब तरीके से दुकानें न लगाएं जिससे कि यातायात बाधित हो, वहीं दुकानदार कोविड के प्रोटोकॉल एवं गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन करें।
मार्केट क्षेत्र के शौचालय, लाइट व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने पर जोर मार्केट क्षेत्र के शौचालय, यूरिनल लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त होंगे! इसके लिए निगम आयुक्त ने सभी जोन आयुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सख्त निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि महिलाओं को खासकर बाजारों में प्रशासन की व्यवस्था ठीक नहीं होने पर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वही मार्केट क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरा को दुरुस्त रखने व्यापारियों से कहा गया है, इसके साथ ही मार्केट क्षेत्रों में चौकीदार की व्यवस्था करने भी व्यापारी संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की गई। पसरा वालों के लिए स्थल चिन्हित करने पर भी चर्चा हुई, इसके साथ ही मोमबत्ती की आड़ में पटाखा का विक्रय करने वाले को भी चिन्हित किया जाएगा। त्योहारी सीजन के मद्देनजर पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर मार्केट क्षेत्र को व्यवस्थित करने तथा यातायात बाधित नहीं करने पर जोर दिया। वही संयुक्त रुप से शीघ्र यह अभियान प्रारंभ किया जाएगा।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More