Home » 4 जी डाउनलोड स्पीड में जियो अव्वल, वीआई दूसरे और एयरटेल तीसरे पायदान पर

4 जी डाउनलोड स्पीड में जियो अव्वल, वीआई दूसरे और एयरटेल तीसरे पायदान पर

by Bhupendra Sahu

नयी दिल्ली । दूरसंचार सेवायें देने वाली देश की तीन प्रमुख निजी दूरसंचार कंपनियों की इस वर्ष सितंबर महीने में 4 जी की स्पीड में बढोतरी तो हुयी है लेकिन डाउनलोड के मामले में जहां रिलायंस जियो सबसे आगे हैं वहीं अपलोड स्पीड में वीआई इंडिया ने अव्वल स्थान हासिल किया है। दूरसंचार नियामक भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रमुख तीन कंपनियों की 4जी स्पीड में उछाल देखने को मिला है। ट्राई द्वारा औसत गति की गणना माईस्पीड एप्लिकेशन की सहायता से एकत्र रियल टाइम आंकड़ों के आधार पर की जाती है। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार हर बार की तरह इस बार भी रिलायंस जियो ने औसत 4जी डाउनलोड स्पीड के मामले में एयरटेल और वीआई (वोडाफोन-आइडिया) को एक बार फिर भारी अंतर से मात दी है। सितंबर में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 20.9 एमबीपीएस मापी गई जबकि वीआई इंडिया की स्पीड 14.4 एमबीपीएस तो एयरटेल की स्पीड 11.9 एमबीपीएस मापी गयी है। अगस्त के मुकाबले जियो की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में उछाल देखने को मिला है पिछले माह स्पीड 18.2 एमबीपीएस नापी गई थी। रिलायंस जियो औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में लगातार नंबर वन की पोजीशन पर काबिज है।

रिलायंस जियो ने प्रतिद्वंदियों से बड़ा अंतर बनाए रखा, सितंबर माह में एयरटेल, रिलायंस जियो से 9एमबीपीएस पिछड़ गया। एयरटेल ने 11.9 एमबीपीएस 4जी डाउनलोड स्पीड दर्ज की। अगस्त के मुकाबले उसकी स्पीड 5.5एमबीपीएस बढ़ गई है पर इस बढ़ोत्तरी के बावजूद एयरटेल लगातार पिछले कई महीनों से तीसरे नंबर पर बना हुआ है।

वोडाफोन और आइडिया के विलय के बाद मई माह से ट्राई ने दोनों कंपनियों के आंकड़े वीआई इंडिया के नाम से प्रकाशित करने शुरू कर दिए हैं। वीआई इंडिया के आंकड़ें बताते हैं कि सितंबर माह में कंपनी की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में 5.4 एमबीपीएस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सितंबर में वी-आई इंडिया की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड 14.4 एमबीपीएस नापी गई। वीआई इंडिया ने भारती एयरटेल को तीसरे नंबर पर ढकेल कर दूसरा स्थान हासिल किया है।

सितंबर में 7.2 एमबीपीएस के साथ वीआई इंडिया औसत 4 जी अपलोड स्पीड चार्ट में सबसे ऊपर रहा। दूसरे नंबर पर रिलायंस जियो ने बाजी मारी उसकी अपलोड स्पीड 6.2 एमबीपीएस रही। एयरटेल औसत 4जी अपलोड स्पीड के मामले में भी तीसरे नंबर पर रहा। कंपनी की सितंबर माह की औसत अपलोड स्पीड 4.5 एमबीपीएस नापी गई।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More