Home » आसमान को छूने के सपनों को मिली उड़ान…  सक्ती के होनहार बच्चों ने पहली बार देखा एयरपोर्ट का रोमांच

आसमान को छूने के सपनों को मिली उड़ान…  सक्ती के होनहार बच्चों ने पहली बार देखा एयरपोर्ट का रोमांच

by Bhupendra Sahu

रायपुर 2 छोटे शहरों और गांवों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में जिला प्रशासन सक्ती की एक अनूठी पहल सामने आई है। प्रशासन ने जिले के 24 मेधावी छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण कराकर न केवल उन्हें आधुनिक उड्डयन व्यवस्था से परिचित कराया, बल्कि उनके भीतर बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास भी जगाया।

इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण ने बच्चों के लिए यादगार अनुभव का रूप ले लिया। एयरपोर्ट और फाइटर प्लेन को अब तक केवल किताबों, फिल्मों या टीवी स्क्रीन पर देखने वाले विद्यार्थियों ने जब उन्हें सामने से देखा, तो उनकी उत्सुकता और खुशी देखते ही बन रही थी। दरअसल, विद्यार्थियों के चयन के लिए 13 मई को जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं एप्टीट्यूड टेस्ट आधारित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण के लिए चुना गया। 16 मई की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती से सभी विद्यार्थियों को बस के माध्यम से स्वामी विवेकानंद विमानतल माना, रायपुर के लिए रवाना किया गया।

एयरपोर्ट पहुंचने पर विद्यार्थियों को विमानतल परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया। इस दौरान फ्लाइंग ऑफिसर और तकनीशियन ने बच्चों को फाइटर प्लेन एवं सिविलियन एयरक्राफ्ट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने विमान के विभिन्न हिस्सों, डिजाइन और उड़ान प्रणाली को बेहद सरल तरीके से समझाया।

भ्रमण का सबसे रोमांचक पल वह रहा, जब विद्यार्थियों को एक-एक कर फाइटर प्लेन के कॉकपिट में बैठने का अवसर मिला। वहीं, रनवे पर विमानों को उड़ान भरते और उतरते हुए करीब से देखना भी विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट और विमानन से जुड़ी सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस पूरे शैक्षणिक भ्रमण ने बच्चों को आधुनिक परिवहन प्रणाली, विमानन तकनीक और हवाई जहाज संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। जिला प्रशासन की इस पहल को विद्यार्थियों और अभिभावकों ने बेहद सराहा है। भ्रमण से लौटे बच्चों के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था। कई विद्यार्थियों ने भविष्य में पायलट, एयरफोर्स ऑफिसर और एयरोस्पेस इंजीनियर बनने की इच्छा भी जताई।

Share with your Friends

Related Articles

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More