फरीदकोट । पंजाब के फरीदकोट में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एक ट्रक के साथ टक्कर के बाद न्यू दीप कंपनी की बस रेलिंग तोड़ कर सेमनाले में गिर गई। इस हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई है।
तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है और तीनों ही मुक्तसर जिले के रहने वाले हैं। प्रशासन के मुताबिक मृतकों में मुक्तसर की अध्यापिका सिमरन, मुक्तसर के गांव शेरे वाले के आत्मा राम और मुक्तसर के गांव चिबडावाली के पूर्व सरपंच बलराज सिंह शामिल है। इनमें से सिमरन फरीदकोट के केंद्रीय विद्यालय में कार्य करती थी जबकि आत्माराम फरीदकोट के बस स्टैंड पर एक निजी बस कंपनी का टिकट चेकर था। बाकी दो की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
वहीं हादसे में 40 से भी ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर विनीत कुमार समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव का कार्य शुरू किया।