सूरजपुर । सक्षम सूरजपुर अभियान अंतर्गत जिला प्रशासन सूरजपुर ने एक अभिनव पहल करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी व कंप्यूटर साक्षरता दर बढ़ाने हेतु डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन वेन (डिजिटल बस) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 20 कंप्युटर से लैस यह डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन वेन ( डिजिटल बस) की ख़ासियत यह रहेगी कि ये लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें कंप्यूटर और डिजिटल माध्यम से संबंधित बुनियादी शिक्षा से परिचित करवायेगी। जिससे जुड़ कर अभ्यर्थी व आमजन डिजिटल क्रांति का हिस्सा बनेंगे।
डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन वेन एन.आई.आई.टी. फाउंडेशन द्वारा संचालित तथा इंडस टावर द्वारा वित्त पोषित है। इसके सदस्यों द्वारा आज कोर्स के लिये पंजीकृत बच्चों की उपस्थिति में जिला संयुक्त कार्यालय के सभा कक्ष में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन वेन व कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने आज के समय को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग का युग बताते हुए उपस्थित बच्चों को समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होने उपस्थित जनों और मीडिया साथियों के माध्यम से जिलेवासियों को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन वेन से जुड़ने की अपील की ताकि गांव-गांव तक जाने वाली इस डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन वेन से जुड़कर ज्यादा से ज्यादा लोग लाभांवित हो सकें और सूचना प्रौद्योगिकी, कम्पयूटर व डिजिटल शिक्षा का हिस्सा बन सकें।