नई दिल्ली अदाणी-हिंडनबर्ग विवाद में जनहित याचिका दायर करने वालों में से एक ने शीर्ष अदालत में आरोप लगाया है कि बाजार नियामक सेबी ने उच्चतम न्यायालय से महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया और अदाणी की कंपनियों की ओर से कथित स्टॉक हेरफेर पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के पत्र को नजरअंदाज कर दिया।
सेबी ने 25 अगस्त को शीर्ष अदालत को सूचित किया था कि उसने अदाणी समूह के खिलाफ दो आरोपों को छोड़कर सभी आरोपों की जांच पूरी कर ली है और समूह में निवेश करने वाली विदेशी इकाइयों के वास्तविक मालिकों के बारे में पांच कर पनाहगार देशों से अब भी सूचना का इंतजार है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ने उच्चतम न्यायालय को सौंपी स्थिति रिपोर्ट में कहा कि वह जिन 24 मामलों की जांच कर रहा है, उनमें से 22 में जांच पूरी हो गई है।